पुणे में पार्टी के दौरान छापेमारी, 85 लाख रुपये मूल्य की शराब और मादक पदार्थ जब्त
पुणे में पार्टी के दौरान छापेमारी, 85 लाख रुपये मूल्य की शराब और मादक पदार्थ जब्त
पुणे, सात जून (भाषा) पुणे पुलिस ने रविवार को एक पार्टी के दौरान छापा मारकर गांजा, प्रतिबंधित धूम्रपान उत्पाद और शराब जब्त की, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 85 लाख रुपये है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मामले में 70 से अधिक लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अधिकारी के अनुसार, ‘प्रोजेक्ट एक्स’ नाम से पुणे के तुलापुर गांव में यह पार्टी आयोजित की गई थी, जिसमें 107 पुरुष और 49 महिलाओं समेत कुल 156 लोग शामिल हुए थे।
उन्होंने बताया कि इसके बाद लोनी कांड पुलिस ने 78 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
अधिकारी ने कहा, “पार्टी में शामिल तीन लोगों की आयु 21 वर्ष से कम है। आयोजन स्थल से 9.22 लाख रुपये मूल्य की शराब भी बरामद की गई। शराब निर्धारित समय सीमा से अधिक समय तक परोसी जा रही थी। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग 85 लाख रुपये आंका गया है।”
अधिकारी ने कहा कि पार्टी आयोजकों की पहचान यश चौधरी (26), ऐमन शेख (27), सैफ सैय्यद (30), सिद्धांत धुवाड़ी (29), दिशांत धुवाड़ी (24), अली पंसारे (27) और आवेश अंसारी (25) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों में बाउंसर और मादक पदार्थों का सेवन करने वाले लोग शामिल हैं।
अपराध शाखा के एक अधिकारी ने कहा कि हिरासत में लिए गए कुछ लोगों को नोटिस जारी करने के बाद छोड़ दिया गया।
उन्होंने बताया कि 15 अधिकारियों और 65 पुलिसकर्मियों की टीम ने संयुक्त रूप से यह छापेमारी की।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश

Facebook


