महाराष्ट्र: किसानों ने अपनी मांगों को लेकर लातूर-हैदराबाद राजमार्ग अवरुद्ध किया

महाराष्ट्र: किसानों ने अपनी मांगों को लेकर लातूर-हैदराबाद राजमार्ग अवरुद्ध किया

महाराष्ट्र: किसानों ने अपनी मांगों को लेकर लातूर-हैदराबाद राजमार्ग अवरुद्ध किया
Modified Date: August 23, 2026 / 08:49 pm IST
Published Date: August 23, 2026 8:49 pm IST

लातूर, 23 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र में बड़ी संख्या में किसानों ने हैदराबाद-लातूर राजमार्ग के एक हिस्से को रविवार को अवरुद्ध कर दिया। वे तत्काल सूखा राहत, फसल के नुकसान का मुआवजा और नियमित रूप से कृषि ऋण चुकाने वाले किसानों के लिए प्रोत्साहन राशि की मांग कर रहे थे।

प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारे लगाए और आरोप लगाया कि कम बारिश, कृषि उपज के कम दाम, बढ़ती उत्पादन लागत और बढ़ते कर्ज के कारण किसान गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं।

क्रांतिकारी शेतकरी संगठन की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष राजीव कसबे ने लातूर जिले के लामजना गांव में इस प्रदर्शन का नेतृत्व किया।

प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग उन किसानों के लिए दो लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि है, जिन्होंने नियमित रूप से अपना कृषि ऋण चुकाया है।

किसान संगठन ने यह भी मांग की कि मराठवाड़ा क्षेत्र में तुरंत सूखा घोषित किया जाए, जहां लंबे समय से बारिश न होने के कारण खरीफ का मौसम खतरे में पड़ गया है। संगठन ने प्रभावित प्रत्येक किसान को 50,000 रुपये का मुआवजा देने की भी मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा, ‘‘किसानों के धैर्य की परीक्षा न लें। वरना मंत्रियों और विधायकों के लिए गांवों में स्वतंत्र रूप से घूमना मुश्किल हो जाएगा।’’

कसबे ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि किसान ईमानदारी से अपना कर्ज चुकाते हैं और संकट के समय भी अपने खेतों के लिए संघर्ष करते हैं।

उन्होंने कहा, “नियमित रूप से कर्ज चुकाने वाले हर किसान को दो लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलनी चाहिए। सरकार को किसानों के धैर्य की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए। अगर हमारी मांगें स्वीकार नहीं की गईं, तो हम इस आंदोलन को पूरे महाराष्ट्र में ले जाएंगे और किसानों के अधिकारों के लिए सड़कों पर संघर्ष को और तेज करेंगे।’’

प्रदर्शनकारियों ने सुबह के समय दो घंटे से अधिक समय तक राजमार्ग को अवरुद्ध रखने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया और वहां से चले गए।

भाषा देवेंद्र सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में