महाराष्ट्र : पत्रकारों ने 75 वर्षीय ‘चायवाले’ को चार दशक की सेवा के लिए किया सम्मानित
महाराष्ट्र : पत्रकारों ने 75 वर्षीय ‘चायवाले’ को चार दशक की सेवा के लिए किया सम्मानित
मुंबई, 28 अप्रैल (भाषा) मुंबई में दशकों तक पत्रकारों की रातों को चाय की चुस्कियों और गपशप से गुलजार करने वाले 75 वर्षीय ‘चायवाले’ बबन केमकर के सम्मान में सोमवार को एक विशेष समारोह आयोजित किया गया, जिसमें कई वरिष्ठ पत्रकारों, पूर्व सांसद और पूर्व विधायक ने हिस्सा लेकर उनके प्रति अपने स्नेह और सम्मान को व्यक्त किया।
लगभग चार दशक तक दादर रेलवे स्टेशन के बाहर रात में चाय का ठेला लगाने बबन देर रात सिटी संस्करण के छपने के बाद काम से लौटने वाले पत्रकारों की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा थे और लोग उन्हें प्यार से ‘बबनसेठ’ पुकारते हैं।
उनके सम्मान में मुंबई मराठी पत्रकार संघ के सभागार में जुटे अधिकांश लोग वही थे, जो कभी उनकी दुकान पर नियमित रूप से चाय की चुस्कियों के साथ-साथ गपशप के लिए पहुंचते थे।
करीब 20 साल पहले दुकान बंद कर ठाणे जिले के टिटवाला में बस जाने के बाद भी बबन के प्रति लोगों का स्नेह कम नहीं हुआ। उनके 75वें जन्मदिन के मौके पर पुराने साथी एक बार फिर एकजुट हुए और उन्हें सिर्फ एक चायवाले के रूप में नहीं, बल्कि दोस्त और परिवार के सदस्य की तरह सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने याद किया कि बबन की चाय ही नहीं, बल्कि वहां होने वाली दिलचस्प चर्चाएं भी लोगों को बार-बार खींच लाती थीं। उस दौर में अभिनेता नाना पाटेकर और प्रशांत दामले जैसी हस्तियां भी वहां आई करती थी।
वरिष्ठ पत्रकार अंबरीश मिश्रा ने कहा कि बबन के चाय बनाने का अंदाज अपने आप में एक आकर्षण था, मानो कोई रूसी बैले कलाकार प्रदर्शन कर रहा हो।
उन्होंने कहा, “बबन की चाय के आगे बकिंघम पैलेस की ‘हाई टी’ भी फीकी पड़ जाती। वह हर कप को बड़ी बारीकी और सलीके से तैयार करते थे।”
अनुभवी पत्रकार रहे पूर्व सांसद कुमार केतकर और पूर्व विधान परिषद सदस्य कपिल पाटिल ने भी बताया कि वे ‘बबन टी’ के नियमित ग्राहक रहे हैं।
सम्मान से अभिभूत बबन ने कहा कि उनके लिए भी ये लोग सिर्फ ग्राहक नहीं, बल्कि परिवार की तरह हैं।
भाषा मनीषा खारी
खारी

Facebook


