महाराष्ट्र के मंत्री लोढ़ा ने जैन मंदिरों को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए भुजबल को पत्र लिखा

महाराष्ट्र के मंत्री लोढ़ा ने जैन मंदिरों को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए भुजबल को पत्र लिखा

महाराष्ट्र के मंत्री लोढ़ा ने जैन मंदिरों को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए भुजबल को पत्र लिखा
Modified Date: March 29, 2026 / 09:58 pm IST
Published Date: March 29, 2026 9:58 pm IST

मुंबई, 29 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने मंत्रिमंडल सहयोगी और नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रमुख छगन भुजबल को पत्र लिखकर अपने मालाबार हिल निर्वाचन क्षेत्र में जैन मंदिरों के लिए एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है।

कई वर्गों में इस मांग की आलोचना के बीच लोढ़ा ने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक उद्देश्यों से अफवाहें फैला रहे हैं।

मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि अगर उनके निर्वाचन क्षेत्र में किसी को भी धार्मिक उद्देश्यों के लिए एलपीजी सिलेंडर की आवश्यकता है, तो वह इसे उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

भुजबल को लिखे पत्र में लोढ़ा ने चैत्र माह में धार्मिक अनुष्ठान ‘ओली अयंबिल’ के लिए 16 जैन मंदिरों में से प्रत्येक के लिए पांच व्यावसायिक गैस सिलेंडर की मांग की है।

हालांकि, कुछ संगठनों और निवासियों ने सवाल उठाया कि पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच रसोई गैस की कमी के समय किसी विशेष समुदाय के लिए इस तरह का अनुरोध करना कितना उचित है।

उन्होंने दावा किया कि एलपीजी सिलेंडर की किल्लत के कारण राम नवमी के दौरान भंडारा कराए जाने में दिक्कतें आईं।

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने इस कदम पर आपत्ति जताई और गैस एजेंसियों को पत्र लिखकर आम जनता को होने वाली असुविधा पर चिंता व्यक्त की।

शिवसेना (उबाठा) सांसद संजय राउत ने कहा कि इस प्रकरण से स्पष्ट है कि राज्य में गैस सिलेंडर की किल्लत है जबकि स्थिति को सामान्य बताने के दावे किए जा रहे हैं।

भाषा शफीक नरेश

नरेश


लेखक के बारे में