महाराष्ट्र: एकादशी के कारण बकरीद के दिन पंढरपुर में बकरों की कुर्बानी नहीं देंगे मुस्लिम
महाराष्ट्र: एकादशी के कारण बकरीद के दिन पंढरपुर में बकरों की कुर्बानी नहीं देंगे मुस्लिम
पुणे, 27 मई (भाषा) महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के पंढरपुर में मुस्लिम समुदाय ने इस साल बकरीद के अवसर पर बकरों की कुर्बानी न देने का फैसला किया है, क्योंकि इस वर्ष यह त्योहार एकादशी के दिन पड़ रहा है।
मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने कहा कि चूंकि अधिक मास एकादशी हिंदू समुदाय के लिए विशेष महत्व रखती है और इस वर्ष बकरीद के साथ ही पड़ रही है, इसलिए धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए बकरों की कुर्बानी को कुछ दिनों के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
मुस्लिम समुदाय के एक सदस्य ने कहा, ‘‘मैं पंढरपुर में रहता हूं और मंदिर के विभिन्न उत्सवों से जुड़ा रहा हूं। भगवान विट्ठल के भक्तों की भावनाओं का सम्मान करते हुए, हमने बकरों की कुर्बानी न देने का निर्णय लिया है।’’
समुदाय के एक और सदस्य ने बताया कि अधिक मास एकादशी के दौरान लाखों श्रद्धालु पंढरपुर आते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमने उस दिन बकरों की कुर्बानी न देने का फैसला किया है और इसे बाद में करेंगे।’’
उन्होंने कहा कि पंढरपुर में मुस्लिम समुदाय भगवान विट्ठल में गहरी आस्था रखता है, और पहले भी जब भी ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है, समुदाय ने पशु कुर्बानी देने से परहेज किया है।
भाषा आशीष माधव
माधव

Facebook


