नीट ‘प्रश्न पत्र लीक’ मामले में महाराष्ट्र पुलिस सीबीआई को पूरा सहयोग देगी: मुख्यमंत्री

नीट 'प्रश्न पत्र लीक' मामले में महाराष्ट्र पुलिस सीबीआई को पूरा सहयोग देगी: मुख्यमंत्री

नीट ‘प्रश्न पत्र लीक’ मामले में महाराष्ट्र पुलिस सीबीआई को पूरा सहयोग देगी: मुख्यमंत्री
Modified Date: May 13, 2026 / 09:20 pm IST
Published Date: May 13, 2026 9:20 pm IST

मुंबई, 13 मई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि नीट ‘प्रश्न पत्र लीक’ मामले में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य की पुलिस इस संबंध में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को जांच में पूरा सहयोग प्रदान करेगी।

इस घोटाले के तार महाराष्ट्र से भी जुड़े होने की बात सामने आई है।

चिकित्सा महाविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) तीन मई 2026 को आयोजित की गई थी। प्रश्न पत्र लीक होने के आरोपों के बाद मंगलवार को यह परीक्षा रद्द कर दी गई। केंद्र सरकार ने सीबीआई को इन ‘अनियमितताओं’ की व्यापक जांच का जिम्मा सौंपा है।

पेपर लीक के संबंध में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा, ‘हम चाहते हैं कि इस मामले में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाए, चाहे वह सबसे निचले स्तर का ही क्यों न हो।’

गृह मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य पुलिस केंद्रीय जांच एजेंसी को पूरा सहयोग देगी।

इस मामले में उत्तरी महाराष्ट्र के नासिक जिले के नंदगांव निवासी शुभम खैरनार (30) को गिरफ्तार किया गया है। खैरनार को बुधवार को मुंबई की एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे सीबीआई की दो दिन की ‘ट्रांजिट रिमांड’ पर भेज दिया।

राजस्थान पुलिस के अनुरोध पर नासिक पुलिस ने मंगलवार को खैरनार को हिरासत में लिया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक अन्य घटनाक्रम में पुणे पुलिस ने इस मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में एक महिला को भी हिरासत में लेकर उसे सीबीआई को सौंप दिया है।

भाषा प्रचेता पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में