महाराष्ट्र में डेढ़ साल में साइबर धोखाधड़ी के 10,505 मामले सामने आए; 2,379 आरोपी गिरफ्तार: फडणवीस
महाराष्ट्र में डेढ़ साल में साइबर धोखाधड़ी के 10,505 मामले सामने आए; 2,379 आरोपी गिरफ्तार: फडणवीस
मुंबई, 23 जून (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को विधानसभा में बताया कि राज्य में जनवरी 2025 से मई 2026 के बीच साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के 10,505 मामले सामने आए और 2,379 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कई सदस्यों के प्रश्नों के लिखित उत्तर में, फडणवीस ने बताया कि 2025 में अहिल्यानगर जिले में ‘डिजिटल अरेस्ट’, शेयर खरीद-फरोख्त धोखाधड़ी, होटल रेटिंग में गड़बड़ी और दुर्भावनापूर्ण एपीके (एंड्ररॉइड पैकेज किट) व पीडीएफ फाइल से जुड़े 5,141 मामले सामने आए, जिनमें कुल 37.76 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
फडणवीस के पास महाराष्ट्र के गृह विभाग का भी प्रभार है।
उन्होंने बताया कि कुल रकम में से 7.02 करोड़ रुपये के लेन-देन पर रोक लगा दी गई।
फडणवीस ने बताया कि अहिल्यानगर जिले के कोपरगांव के एक सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी को ‘डिजिटल अरेस्ट’ की धमकी देकर 87.3 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया और 29 अप्रैल को आरोप पत्र दाखिल किया गया।
उन्होंने सदन को बताया कि धोखाधड़ी की गई रकम में से 42.18 लाख रुपये अदालत के आदेश के बाद शिकायतकर्ता को लौटा दिए गए हैं, जबकि बाकी रकम लौटाने के लिए कानूनी प्रक्रिया जारी है।
एक अन्य मामले में, नवी मुंबई के कलंबोली के रहने वाले 62 वर्षीय एक व्यक्ति को ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर उसके साथ कथित तौर पर 1.54 करोड़ रुपये की ठगी की गई। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से तीन अभी जमानत पर बाहर हैं, जबकि एक न्यायिक हिरासत में है। जवाब के मुताबिक, इस मामले में 9 जून को आरोप पत्र दाखिल किया गया।
फडणवीस ने कहा कि इस साल जनवरी से मई के बीच नागपुर शहर में वरिष्ठ नागरिकों के साथ साइबर धोखाधड़ी होने के 30 मामले सामने आए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुणे शहर में 2026 के शुरुआती पांच महीनों में 200 करोड़ रुपये की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के 536 मामले दर्ज किये गए, जबकि महाराष्ट्र प्राकृतिक गैस लिमिटेड (एमएनजीएल) के नाम पर भेजे गए फर्जी मैसेज, लिंक और एपीके फाइल से जुड़े 17 मामलों में 88 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
लिखित जवाब के अनुसार, मुंबई में 2025 में साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के 4,825 मामले दर्ज किये गए और 1,410 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। धोखाधड़ी की गई कुल रकम 1,031 करोड़ रुपये थी, जिसमें से 110 करोड़ रुपये के लेन-देन पर रोक लगा दी गई।
नागपुर शहर में 2025 में साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के 136 मामले दर्ज किये गए और 83 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। धोखाधड़ी की गई कुल रकम 82 करोड़ रुपये थी।
भाषा सुभाष माधव
माधव

Facebook


