महाराष्ट्र: गिरफ्तार ‘बाबा’ खरात से जुड़े मंदिर को सरकार से एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली
महाराष्ट्र: गिरफ्तार ‘बाबा’ खरात से जुड़े मंदिर को सरकार से एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली
मुंबई, 26 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने गिरफ्तार स्वयंभू बाबा और दुष्कर्म के आरोपी अशोक खरात से जुड़े नासिक जिले के एक मंदिर में विकास कार्यों के लिए 2018 में एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की थी। आधिकारिक दस्तावेजों में यह जानकारी सामने आयी है।
क्षेत्रीय पर्यटन विकास योजना के तहत पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के विभाग ने 31 मार्च, 2018 को इस राशि को मंजूरी दी थी।
पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के विभाग के तत्कालीन प्रमुख भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता जयकुमार रावल थे।
खरात को 18 मार्च को 35 वर्षीय एक महिला से तीन साल की अवधि में बार-बार दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और वह वर्तमान में पुलिस हिरासत में है।
खरात, नासिक जिले के सिन्नर स्थित श्री ईशान्येश्वर देवस्थान मंदिर ट्रस्ट का प्रमुख था और वर्षों से कई राजनीतिक नेता उससे मिलने आते रहे थे।
सरकारी प्रस्ताव के अनुसार, मंदिर परिसर में 1.05 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई, जिसमें एक हॉल का निर्माण, परिसर में रास्तों को पक्का करना, पुरुषों व महिलाओं के लिए शौचालय, कपड़े बदलने का कक्ष, पार्किंग सुविधाएं, श्रद्धालुओं के लिए आवास, उद्यान व विद्युतीकरण शामिल हैं।
स्वीकृत राशि में से 25 लाख रुपये वित्तीय वर्ष 2017-18 में जारी किए गए।
यह स्वीकृति राज्य के कई जिलों में 58 धार्मिक स्थलों, मंदिर परिसरों और पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए लगभग 112 करोड़ रुपये के कार्यों को स्वीकृत करने के व्यापक निर्णय का हिस्सा थी।
उस वित्तीय वर्ष में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), महानगर पालिकाओं और जिला परिषदों जैसी कार्यकारी एजेंसियों को लगभग 17 करोड़ रुपये के वितरण को मंजूरी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि धार्मिक और पर्यटन स्थलों के लिए धनराशि का आवंटन एक नियमित वार्षिक प्रक्रिया है तथा धनराशि स्वीकृत करते समय खरात के खिलाफ कोई आरोप नहीं थे।
इशानेश्वर मंदिर में निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी के माध्यम से संपन्न किया गया।
आईपीएस अधिकारी तेजस्वी सतपुते के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) खरात के खिलाफ मामलों की जांच कर रहा है।
जांच दल ने बताया कि अब तक खरात के खिलाफ छह आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें एक गर्भवती महिला का मामला भी शामिल है।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


