राकांपा मंत्री बोले: महाराष्ट्र चाहता है कोई मराठी बने प्रधानमंत्री; फडणवीस को बताया सही उम्मीदवार

राकांपा मंत्री बोले: महाराष्ट्र चाहता है कोई मराठी बने प्रधानमंत्री; फडणवीस को बताया सही उम्मीदवार

राकांपा मंत्री बोले: महाराष्ट्र चाहता है कोई मराठी बने प्रधानमंत्री; फडणवीस को बताया सही उम्मीदवार
Modified Date: July 16, 2026 / 04:38 pm IST
Published Date: July 16, 2026 4:38 pm IST

पुणे, 16 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के कृषि मंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता दत्तात्रेय भरणे ने कहा है कि राज्य के लोग चाहते हैं कि कोई मराठी व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री बने। उन्होंने यह भी कहा कि इस बड़े पद के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उनकी पसंद हैं।

भरणे ने बुधवार शाम यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि महाराष्ट्र लंबे समय से यह चाहता रहा है कि उसकी मिट्टी का कोई नेता प्रधानमंत्री बने।

उन्होंने कहा, ‘‘हर कोई जानता है कि महाराष्ट्र इस बात का इंतज़ार कर रहा है कि कोई मराठी व्यक्ति प्रधानमंत्री बने। यह महाराष्ट्र के लोगों की इच्छा है। पहले, राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री यशवंतराव चव्हाण यह मौका चूक गए थे। बाद में, शरद पवार साहब भी प्रधानमंत्री नहीं बन पाए।’’

भरणे ने भविष्य में किसी मराठी के भी देश के सर्वोच्च कार्यकारी पद पर बैठने को लेकर भरोसा जताते हुए कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि 2029 या 2034 में कोई मराठी देश का शासनाध्यक्ष बनेगा। यह राज्य के लोगों और किसानों की सामूहिक इच्छा है।’’

जब उनसे पूछा गया कि उनके हिसाब से महाराष्ट्र से कौन प्रधानमंत्री बन सकता है, तो उन्होंने जवाब दिया, ‘‘वह देवेंद्र फडणवीस (हो सकते) हैं।’’

मंत्री ने यह भी कहा कि अगर राकांपा अध्यक्ष सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला मुख्यमंत्री बनती हैं, तो उन्हें खुशी होगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), एकनाथ शिंदे-नीत शिवसेना और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राकांपा महाराष्ट्र में ‘महायुति’ गठबंधन के तौर पर सत्ता में हैं।

भाषा

सुरेश नरेश

नरेश


लेखक के बारे में