शिवसेना(उबाठा) के ‘राम रक्षा आंदोलन’ में शामिल हों मुख्यमंत्री फडणवीस : राउत

शिवसेना(उबाठा) के ‘राम रक्षा आंदोलन’ में शामिल हों मुख्यमंत्री फडणवीस : राउत

शिवसेना(उबाठा) के ‘राम रक्षा आंदोलन’ में शामिल हों मुख्यमंत्री फडणवीस : राउत
Modified Date: July 16, 2026 / 12:56 pm IST
Published Date: July 16, 2026 12:56 pm IST

मुंबई, 16 जुलाई (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने 18 जुलाई को नागपुर में पार्टी द्वारा आयोजित ‘राम रक्षा आंदोलन’ में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को न्योता दिया।

शिवसेना(उबाठा) यह आंदोलन अयोध्या में राम मंदिर से कथित चढ़ावा चोरी के विरोध में आयोजित कर रही है।

शिवसेना(उबाठा) अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पहले ही घोषणा कर दी है कि वह मुख्यमंत्री फडणवीस के गृहनगर नागपुर में शनिवार को आयोजित ‘राम रक्षा आंदोलन’ में शामिल होंगे।

राउत ने फडणवीस को लिखे एक पत्र में कहा कि मुख्यमंत्री अक्सर कहते हैं कि उन्होंने अयोध्या में राम जन्मभूमि को ‘मुक्त’ कराने के आंदोलन में हिस्सा लिया था।

शिवसेना (उबाठा) नेता ने सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर साझा किये गए पत्र में कहा, ‘‘आज इसी राम मंदिर में चोरी, डकैती और धोखाधड़ी जैसे अपराध होने का आरोप है और यह दावा किया जा रहा है कि सैकड़ों करोड़ रुपयों का गबन किया गया है।’’

राज्यसभा सदस्य ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने स्वयं अयोध्या में हुई कथित चोरियों पर ‘दुख’ जताया है।

राउत ने फडणवीस को आंदोलन में शामिल होने का न्योता देते हुए कहा, ‘‘शिवसेना (उबाठा) ने राम मंदिर से जुड़ी कथित लूट के बारे में लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए ‘राम रक्षा’ अभियान शुरू किया है। समझिए कि ‘राम रक्षा’ का अभिप्राय ‘भगवान राम की रक्षा’ है।’’

राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी का मामला पिछले महीने सामने आया। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए 13 जून को एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया।

एसआईटी द्वारा 23 जून को जमा की गई प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर 25 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई और आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

भाषा धीरज प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में