पोंजी योजना के जरिये निवेशकों से 30.26 करोड़ रुपये की ठगी का आरोपी गुजरात से गिरफ्तार
पोंजी योजना के जरिये निवेशकों से 30.26 करोड़ रुपये की ठगी का आरोपी गुजरात से गिरफ्तार
मुंबई, चार जुलाई (भाषा) मुंबई पुलिस ने गुजरात से 52 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर शेयर बाजार में आकर्षक मुनाफे का लालच देकर पोंजी योजना के जरिए 42 निवेशकों से करीब 30.26 करोड़ रुपये ठगने का आरोप है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, मध्य मुंबई के माटुंगा निवासी रोशन भूषण सेठ ने पीड़ितों को उनके निवेश पर हर महीने दो से पांच प्रतिशत तक मुनाफा देने का कथित तौर पर वादा किया था।
पिछले महीने सेठ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने जांच शुरू की।
अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने से पहले आरोपी काफी समय तक फरार रहा और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी पहचान बदलता रहा तथा ठिकाने बदलता रहा।
पुलिस ने बताया कि तकनीकी सूचनाओं और खुफिया जानकारी के आधार पर ईओडब्ल्यू को पता चला कि सेठ सूरत के डुमस इलाके में है, जिसे हाल ही में वहां से गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सेठ के पास से करीब 1.65 करोड़ रुपये नकदी के अलावा कई संपत्तियां जब्त की गई हैं। उस पर 42 निवेशकों से करीब 30.26 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है।
ईओडब्ल्यू ने कथित योजना के पीड़ितों से अपील की है कि वे एजेंसी से संपर्क करें।
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


