मुंबई मैनहोल हादसा: बीएमसी अधिकारी की शिकायत पर ठेकेदार और श्रमिकों के खिलाफ मामला दर्ज
मुंबई मैनहोल हादसा: बीएमसी अधिकारी की शिकायत पर ठेकेदार और श्रमिकों के खिलाफ मामला दर्ज
मुंबई, तीन जुलाई (भाषा) मुंबई के साकी नाका इलाके में मैनहोल से जुड़े हादसे के मामले में एक ठेकेदार और कई श्रमिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि साकी नाका निवासी 55 वर्षीय असलम इस्हाक शेख बृहस्पतिवार सुबह भारी बारिश के बीच खैरानी रोड पर खुले मैनहोल में गिर गए।
तेज पानी के बहाव के कारण वह भूमिगत जल निकासी प्रणाली में बह गए। पुलिस, दमकल विभाग और नगर निकाय एजेंसियों द्वारा चलाए गए व्यापक तलाशी अभियान के बाद शेख का शव कुछ दूरी पर स्थित एक अन्य मैनहोल से बरामद किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, जल निकासी मरम्मत कार्य के लिए खोला गया मैनहोल जमे हुए पानी के कारण दिखाई नहीं दे रहा था। वहीं, शेख के परिजनों और अन्य लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मरम्मत कार्य के बावजूद खुले मैनहोल के आसपास कोई अवरोधक या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे।
साकी नाका पुलिस थाना अधिकारी ने बताया, ‘बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एल. वार्ड के एक कर्मी की शिकायत के आधार पर जल निकासी मरम्मत कार्य से जुड़े ठेकेदार और कई श्रमिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।’
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश

Facebook


