राष्ट्रीय शिक्षा नीति देश की नयी पीढ़ी को मैकाले की मानसिकता से बाहर निकालेगी : प्रधान

राष्ट्रीय शिक्षा नीति देश की नयी पीढ़ी को मैकाले की मानसिकता से बाहर निकालेगी : प्रधान

राष्ट्रीय शिक्षा नीति देश की नयी पीढ़ी को मैकाले की मानसिकता से बाहर निकालेगी : प्रधान
Modified Date: January 3, 2026 / 08:02 pm IST
Published Date: January 3, 2026 8:02 pm IST

(फाइल तस्वीर के साथ)

नागपुर, तीन जनवरी (भाषा) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) देश की नयी पीढ़ी को ‘‘मैकाले मानसिकता’’ से बाहर निकालने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान को लागू करने का माध्यम होगी।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 29 जुलाई, 2020 को घोषित की गई थी। इसमें स्कूली शिक्षा के साथ-साथ उच्च और तकनीकी शिक्षा में भी कई सुधारों का प्रस्ताव है।

प्रधान एक कार्यक्रम के लिए यहां आये थे और उन्होंने इस दौरान ‘पीटीआई-वीडियो’ से बात करते हुए कहा कि एनईपी अब अपने छठे वर्ष में है, यह एक क्रांतिकारी बदलाव लाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि देश को ‘मैकाले मानसिकता’ से बाहर निकलने की जरूरत है। एनईपी 2020 देश की नयी पीढ़ी को ‘मैकाले मानसिकता’ से बाहर निकालने का माध्यम बनेगी।’’

प्रधान ने कहा, ‘‘भारत युवाओं का देश है और शिक्षा विभाग की यह जिम्मेदारी है कि वह मातृभाषा में शिक्षा, योग्यता और कौशल आधारित अध्ययन के माध्यम से युवाओं और भावी पीढ़ियों को तैयार करे।’’

केंद्रीय मंत्री ने शिक्षा में समग्र मूल्यांकन, उद्यमिता और नवाचार पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को केवल नौकरी चाहने वाले ही नहीं बल्कि नौकरी सृजनकर्ता भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति इसी दिशा में काम कर रही है।

सत्रह नवंबर को नयी दिल्ली में छठा रामनाथ गोयनका व्याख्यान देते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से थॉमस मैकाले द्वारा फैलाई गई गुलामी की मानसिकता से देश को मुक्त करने का संकल्प लेने का आग्रह किया था।

मोदी ने कहा था, ‘‘भारत की सांस्कृतिक और शैक्षणिक नींव के खिलाफ मैकाले द्वारा किए गए अपराध को 2035 में 200 वर्ष पूरे हो जाएंगे। मैं पूरे देश से अपील करना चाहता हूं कि अगले दशक में, हमें मैकाले द्वारा भारत पर थोपी गई गुलामी की मानसिकता से खुद को मुक्त करने का संकल्प लेना होगा।’’

प्रधान ने बाद में यहां रेशिमबाग में डॉ. हेडगेवार स्मृति मंदिर का दौरा किया और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक के बी हेडगेवार के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

केंद्रीय मंत्री यहां बाबा साहेब आंबेडकर के स्मारक ‘दीक्षाभूमि’ भी गए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

भाषा अमित सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में