राकांपा ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए पूर्व एमएलसी राजेंद्र जैन को प्रत्याशी बनाया
राकांपा ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए पूर्व एमएलसी राजेंद्र जैन को प्रत्याशी बनाया
मुंबई, सात जून (भाषा) महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने 18 जून को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र जैन को अपना उम्मीदवार नामित किया है। राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने रविवार को यह जानकारी दी।
राजेंद्र जैन पूर्व में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) रह चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार, राकांपा की कोर कमेटी ने दक्षिण मुंबई स्थित सुनेत्रा पवार के आधिकारिक आवास ‘देवगिरि’ में उम्मीदवार के नाम को अंतिम रूप देने के लिए बैठक की।
पार्टी के इस निर्णय की घोषणा करते हुए तटकरे ने कहा कि पार्टी नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श के बाद जैन को आम राय से चयनित किया गया।
तटकरे ने पत्रकारों से कहा, ‘‘पार्टी ने आधिकारिक तौर पर राजेंद्र जैन को अपना उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया है।’’
तटकरे ने बताया कि जैन के पास व्यापक विधायी और संगठनात्मक अनुभव है, क्योंकि उन्होंने 12 वर्षों तक विधान परिषद में भंडारा-गोंदिया स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है।
उन्होंने कहा कि जैन ने कई सहकारी संस्थाओं में भी लंबे समय तक काम किया है। जैन सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
जनवरी में बारामती में एक विमान दुर्घटना में अपने पति और तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु के बाद राज्य सरकार में शामिल हुईं सुनेत्रा पवार के इस्तीफे के कारण उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक, राकांपा नेतृत्व ने शनिवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात करके राज्यसभा उपचुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की थी।
भाषा संतोष सिम्मी
सिम्मी

Facebook


