एक विचारधारा, एक व्यक्ति देश को बना या बिगाड़ नहीं सकता: मोहन भागवत

एक विचारधारा, एक व्यक्ति देश को बना या बिगाड़ नहीं सकता: मोहन भागवत

एक विचारधारा, एक व्यक्ति देश को बना या बिगाड़ नहीं सकता: मोहन भागवत
Modified Date: February 14, 2023 / 11:12 pm IST
Published Date: February 14, 2023 11:12 pm IST

नागपुर, 14 फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने मंगलवार को कहा कि दुनिया के ‘‘अच्छे देशों’’ के पास ढेर सारे विचार हैं और एक विचारधारा या एक व्यक्ति किसी देश को बना या बिगाड़ नहीं सकता।

वह यहां राजरत्न पुरस्कार समिति की ओर से आयोजित पुरस्कार समारोह में बोल रहे थे। भागवत ने कहा, ‘‘एक व्यक्ति, एक विचार, एक समूह, एक विचारधारा किसी देश को बना या बिगाड़ नहीं सकती।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया के अच्छे देशों के पास हर तरह के विचार होते हैं। उनके पास सभी तरह की व्यवस्थाएं भी होती हैं और वे इन्हीं व्यवस्था के साथ आगे बढ़ रहे हैं।’’

नागपुर के पूर्व शाही घराने-भोंसले परिवार के बारे में उन्होंने कहा कि यह परिवार संघ के संस्थापक के बी हेडगेवार के समय से आरएसएस से जुड़ा था।

भागवत ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने ‘स्वराज्य’ की स्थापना की और दक्षिण भारत को अपने समय में अत्याचारों से मुक्त कराया, वहीं नागपुर के भोंसले परिवार के शासन में पूर्व और उत्तर भारत को अत्याचारों से मुक्त कराया गया था।

भाषा आशीष सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में