विपक्ष ने ईंधन की कमी की खबरों पर सवाल उठाए
विपक्ष ने ईंधन की कमी की खबरों पर सवाल उठाए
मुंबई, 20 मई (भाषा) विपक्षी कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने बुधवार को राज्य के कुछ हिस्सों में ईंधन की कमी की खबरों को लेकर महाराष्ट्र सरकार पर हमला किया और पूछा कि क्या ‘दो इंजन वाली सरकार के इंजनों में भी तेल खत्म हो गया है।’
कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार और राकांपा (शप) विधायक जयंत पाटिल ने उन घटनाओं का हवाला दिया, जिनमें नागपुर में लापता लड़की की तलाश में भेजी गई पुलिस गाड़ी में कथित तौर पर डीजल नहीं था, और जलगांव में ईंधन की कथित कमी को लेकर एक पेट्रोल पंप कर्मचारी पर हमला हुआ था।
वडेट्टीवार ने दावा किया कि राज्य में लोगों को सुरक्षा की कमी और ईंधन की कमी का सामना करना पड़ रहा था, जबकि करदाताओं के पैसे से बने विज्ञापन होर्डिंग्स चुनावों से पहले चमकते रहे।
पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच, केंद्र सरकार ने यह दावा किया है कि पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं है।
राज्य के पूर्व मंत्री पाटिल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘जलगांव में कुछ अज्ञात लोगों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी को पेट में चाकू मार दिया, क्योंकि उन्हें बताया गया था कि पेट्रोल नहीं है। बुलढाणा जिले में लोग पेट्रोल पाने की उम्मीद में 12 घंटे तक कतार में खड़े रहे।’
वाशिम नाका पर पेट्रोल और डीजल को लेकर झगड़े हुए। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि नागपुर में पुलिस के पास लापता लड़की की तलाश के लिए (अपने वाहनों में) डीजल नहीं है।
पाटिल ने पूछा, ‘आखिर चल क्या रहा है? क्या डबल इंजन वाली सरकार के इंजनों में भी तेल खत्म हो गया है?’
सत्ताधारी गठबंधन आमतौर पर ‘डबल-इंजन सरकार’ शब्द का इस्तेमाल केंद्र और किसी राज्य में एक साथ अपनी सत्ता होने के संदर्भ में करता है।
पाटिल द्वारा उल्लिखित घटनाओं का हवाला देते हुए, वडेट्टीवार ने दावा किया कि महाराष्ट्र में ईंधन की कमी के बीच पूर्ण प्रशासनिक गतिरोध उत्पन्न हो गया है, और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली ‘तीन इंजन सरकार’ (केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों में उसके शासन का जिक्र करते हुए) ठप्प हो गई है।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


