नवी मुंबई में फर्जी कॉल सेंटर के जरिए लोगों से एक करोड़ रुपये की ठगी; दो लोग गिरफ्तार
नवी मुंबई में फर्जी कॉल सेंटर के जरिए लोगों से एक करोड़ रुपये की ठगी; दो लोग गिरफ्तार
ठाणे, 15 मार्च (भाषा) नवी मुंबई में शेयर बाजार में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर लोगों से एक करोड़ रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी करने वाले एक फर्जी ‘कॉल सेंटर’ का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है और इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस की वित्तीय खुफिया और साइबर इकाइयों ने एक गुप्त सूचना के आधार पर 12 मार्च को राबाले एमआईडीसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत महापे के एक औद्योगिक इलाके में संचालित ‘कॉल सेंटर’ पर छापेमारी की।
नवी मुंबई पुलिस ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘छापेमारी के दौरान परिसर में 22 युवक-युवतियां काम करते हुए पाए गए, जो कंप्यूटर का उपयोग करते हुए व्हाट्सएप चैट तथा फोन कॉल के माध्यम से संभावित पीड़ितों से बातचीत कर रहे थे।’’
उन्होंने बताया कि यह परिसर एक शेयर बाजार अनुसंधान कंपनी के नाम से संचालित हो रहा था।
पुलिस ने कहा, ‘‘कंप्यूटर से बरामद ‘चैट’ विवरण से पता चला है कि पीड़ितों को कंपनी के माध्यम से शेयर बाजार में निवेश करने पर अधिक मुनाफे का वादा किया गया था और उन लोगों से ऑपरेटर द्वारा दिए गए बैंक खातों में पैसे हस्तांतरित करने के लिए कहा गया था।’’
विज्ञप्ति के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ‘कॉल सेंटर’ ने भुगतान लिंक भेजकर और पीड़ितों को कंपनी के साथ-साथ 18 अन्य बैंक खातों में पैसे हस्तांतरित करने का निर्देश देकर कम से कम 1.02 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी की थी।
पुलिस ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर कॉल सेंटर से जुड़े बैंक खातों की भी जांच की और पाया कि देश भर से साइबर धोखाधड़ी की कम से कम पांच शिकायतें इन खातों से जुड़ी हुई थीं।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान शिवम विनोदकुमार दुबे (29) और सुजीत मसीचरण वारिमिकी (30) के रूप में हुई है। दोनों ठाणे जिले के निवासी हैं लेकिन कॉल सेंटर से उनके संबंध के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
अन्य आरोपी फरार है, जिन्हें ढूंढने के प्रयास जारी हैं।
भाषा यासिर सुरभि
सुरभि

Facebook


