‘हैवान’ में प्रियदर्शन ने बमन ईरानी को सिखाया सहज अभिनय का महत्व
'हैवान' में प्रियदर्शन ने बमन ईरानी को सिखाया सहज अभिनय का महत्व
मुंबई, 10 सितंबर (भाषा) अभिनेता बमन ईरानी ने कहा कि वह अपनी भूमिकाओं के लिए बहुत बारीकी से तैयारी करते हैं, लेकिन अनुभवी फिल्म निर्माता प्रियदर्शन के साथ ‘हैवान’ में काम करने के दौरान उन्होंने इस प्रक्रिया को छोड़कर सेट पर निर्देशक की समझ और सहज निर्णय पर भरोसा करना सीखा।
क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ में अभिनेता ईरानी और फिल्म निर्देशक प्रियदर्शन ने दूसरी बार साथ काम किया है। इससे पहले दोनों 2012 में आई फिल्म ‘तेज’ में साथ काम कर चुके हैं।
‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’, ‘लगे रहो मुन्नाभाई’, ‘खोसला का घोसला’, ‘3 इडियट्स’, ‘डंकी’ और ‘द मेहता ब्वॉयज़’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय के लिए पहचान पाने वाले ईरानी ने कहा कि वह आमतौर पर अपने किरदारों के लिए बहुत ज्यादा रिहर्सल करते हैं, लेकिन प्रियदर्शन ने उनकी इस सोच को और मजबूत किया कि अभिनेता की तैयारी कभी भी इतनी कठोर नहीं होनी चाहिए कि उसमें सहजता के लिए जगह न बचे।
अभिनेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ एक साक्षात्कार में कहा, ‘एक अभिनेता के तौर पर मैं अक्सर जरूरत से ज्यादा रिहर्सल करता हूं। मैं मोजे पहनते समय, शेविंग करते समय और इसी तरह के कामों के दौरान भी अपने संवाद दोहराता रहता हूं। लेकिन जब आप सेट पर पहुंचते हैं तो वहां प्रियदर्शन होते हैं, जो आपसे कहते हैं, ‘बस इसे एक बार बोलो, कैमरे की ओर देखो और कैमरे के फ्रेम से बाहर चले जाओ।’ तब मेरी सारी तैयारी बेकार हो जाती है। और यह बुरी बात नहीं है कि आप खुद को उस निर्देशक के हिसाब से ढाल और बदल सकते हैं, जैसा वह चाहता है।’
‘हैवान’ के अदाकारों में सैयामी खेर, श्रिया पिलगांवकर, राजपाल यादव, शारिब हाशमी और दिवंगत दिग्गज अभिनेता असरानी समेत कई अन्य कलाकार शामिल हैं।
वेंकट के. नारायण और शैलजा देसाई फेन द्वारा निर्मित यह फिल्म 11 सितंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


