अरिजीत सिंह की निजता का सम्मान करें: अदनान सामी

अरिजीत सिंह की निजता का सम्मान करें: अदनान सामी

अरिजीत सिंह की निजता का सम्मान करें: अदनान सामी
Modified Date: May 17, 2026 / 05:04 pm IST
Published Date: May 17, 2026 5:04 pm IST

मुंबई, 17 मई (भाषा) गायक-संगीतकार अदनान सामी ने पार्श्व गायन को अलविदा कहने के अरिजीत सिंह के फैसले पर कहा कि उनके निर्णय का सम्मान किया जाना चाहिए और इस पर अटकलें नहीं लगाई जानी चाहिए।

अरिजीत ने इस साल की शुरुआत में सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से पार्श्व गायन को अलविदा कहने की घोषणा कर फिल्म और संगीत जगत के साथ-साथ अपने प्रशंसकों को भी चौंका दिया था।

सामी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, “उन्होंने (अरिजीत ने) पार्श्व गायन को अलविदा कहने का निर्णय लिया है। उनका जो भी निर्णय हो, हमें उसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने यह निर्णय किसी आवेग में नहीं लिया। यह बहुत ही सोच-समझकर लिया गया निर्णय होगा।”

सामी ने जी म्यूजिक कंपनी के बैनर तले नए गाने ‘लिपस्टिक लगा के, नजर उतार ले’ के जारी होने के अवसर पर कहा कि अरिजीत सिंह पर अपने इस फैसले के पीछे के कारणों को सार्वजनिक रूप से बताने का कोई दबाव नहीं है।

उन्होंने कहा, “इसके पीछे कोई बहुत ही ठोस वजह होगी, जो उन्हें पता है। उनके लिए इसे जाहिर करना जरूरी नहीं है, या शायद समय आने पर दुनिया को पता चल ही जाएगा। यह उनकी निजी जिंदगी है और जब उन्हें लगेगा कि वह वजह बताने के लिए तैयार हैं, तो वे खुद बता देंगे, लेकिन उन्हें यह निजता दी जानी चाहिए।”

भाषा जितेंद्र नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में