स्कूली छात्राओं का यौन उत्पीड़न मामला: महाराष्ट्र सरकार ने तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया
स्कूली छात्राओं का यौन उत्पीड़न मामला: महाराष्ट्र सरकार ने तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया
मुंबई, 20 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने भारी विरोध के बीच बदलापुर के एक स्कूल में दो छात्राओं के यौन शोषण की जांच में कथित तौर पर कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही के लिए एक वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सहित तीन पुलिस अधिकारियों को मंगलवार को निलंबित करने का आदेश दिया।
उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “बदलापुर पुलिस थाने से जुड़े वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, सहायक उप-निरीक्षक और हेड कांस्टेबल को कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही के लिए तत्काल निलंबित करने के आदेश जारी किए गए हैं।”
राज्य सरकार ने दो छात्राओं के कथित यौन शोषण की जांच के लिए पहले ही एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने का आदेश दे दिया है।
इससे पहले दिन में फडणवीस ने ठाणे पुलिस आयुक्त को मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालत में करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया था।
विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि पीड़ित लड़कियों के माता-पिता को शिकायत दर्ज कराने के लिये बदलापुर पुलिस थाने में 11 घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप

Facebook


