टीसीएस यौन उत्पीड़न व जबरन धर्मांतरण मामला: आरोपी निदा खान हिरासत में
टीसीएस यौन उत्पीड़न व जबरन धर्मांतरण मामला: आरोपी निदा खान हिरासत में
नासिक, सात मार्च (भाषा) आईटी कंपनी टीसीएस की नासिक इकाई में यौन उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण से जुड़े मामले की आरोपी निदा खान को बृहस्पतिवार को छत्रपति संभाजीनगर में हिरासत में ले लिया गया। एक पुलिस अधिकारी ने यहां यह जानकारी दी।
नासिक के पुलिस आयुक्त संदीप कार्णिक ने बताया कि छत्रपति संभाजीनगर पुलिस और शहर की अपराध शाखा की मदद से उसे हिरासत में लिया गया।
उन्होंने बताया कि खान का नाम देवलाली कैंप पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले में शामिल है।
नासिक पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) आईटी कंपनी की नासिक इकाई में छेड़छाड़ और उत्पीड़न के नौ मामलों की जांच कर रही है।
टीसीएस इकाई में महिला कर्मचारियों के शोषण, जबरन धर्मांतरण के प्रयास, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न के आरोप सामने आने के बाद एसआईटी ने नौ प्राथमिकी दर्ज कर एक महिला मैनेजर सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
एसआईटी ने महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में खान की तलाश शुरू की थी। उस पर व्हाट्सएप ग्रुप में कर्मचारियों को निशाना बनाने, उन पर मांसाहारी भोजन खाने का दबाव डालने आदि का आरोप है।
प्राथमिकी के अनुसार, खान ने कथित तौर पर महिला कर्मचारियों को इस्लामी परंपराओं के अनुसार कपड़े पहनने और व्यवहार करने को कहा था।
उसने 18 अप्रैल को अपनी गर्भावस्था का हवाला देते हुए अग्रिम जमानत और गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा के लिए नासिक अदालत में याचिका दायर की थी। अदालत ने दो मई को उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।
भाषा अविनाश आशीष
आशीष

Facebook


