ठाणे के उपमहापौर ने शिवसेना के पार्षदों को इस्तीफा देकर नये सिरे से चुनाव लड़ने की चुनौती दी

ठाणे के उपमहापौर ने शिवसेना के पार्षदों को इस्तीफा देकर नये सिरे से चुनाव लड़ने की चुनौती दी

ठाणे के उपमहापौर ने शिवसेना के पार्षदों को इस्तीफा देकर नये सिरे से चुनाव लड़ने की चुनौती दी
Modified Date: May 20, 2026 / 01:48 pm IST
Published Date: May 20, 2026 1:48 pm IST

ठाणे, 20 मई (भाषा) ठाणे महानगर पालिका (टीएमसी) में सहयोगी दलों के बीच विवाद के बाद ठाणे के उप महापौर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता कृष्णा पाटिल ने शिवसेना के सदस्यों को इस्तीफा देने और नये सिरे से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है।

ठाणे महानगर पालिका की 15 मई को हुई आम सभा की बैठक में उस समय भारी हंगामा देखने को मिला, जब सत्तारूढ़ सहयोगी दल शिवसेना द्वारा एक साथ 231 प्रस्तावों को पारित किए जाने का भाजपा के पार्षदों ने कड़ा विरोध किया।

उपमहापौर कृष्णा पाटिल और नेता मुकेश मोकाशी समेत भाजपा पार्षदों ने शिवसेना के दो पार्षदों के खिलाफ राष्ट्रगान के कथित अपमान की शिकायत नौपाडा थाने में दर्ज करायी थी।

इसके बाद, शिवसेना के एक नेता ने भाजपा के कई पार्षदों के निलंबन की मांग करते हुए उन पर महापौर पर हमले की कोशिश करने और राष्ट्रगान का अपमान करने का आरोप लगाया।

पूर्व महापौर और शिवसेना नेता मीनाक्षी शिंदे ने दावा किया था कि भाजपा गठबंधन की मर्यादाओं का उल्लंघन कर रही है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने सोमवार को कहा कि दलों के बीच ‘छिटपुट विवाद’ होते रहते हैं और उन्होंने भरोसा जताया कि सभी मुद्दों को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझा लिया जाएगा।

हालांकि, उप महापौर पाटिल ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान मीनाक्षी शिंदे को चुनौती दी कि वह जनता को यह तय करने दें कि शहर की सत्ता की बागडोर संभालने का हकदार कौन है।

पाटिल ने कहा, ‘हमने ठाणे महानगर पालिका का चुनाव महायुति (महागठबंधन) के रूप में मिलकर लड़ा था। अगर शिवसेना के पार्षदों को लगता है कि हमें सत्ता से बाहर हो जाना चाहिए, तो मैं इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं। आप भी इस्तीफा दें। नये सिरे से चुनाव कराकर जनता की अदालत में चलते हैं और नागरिकों को यह तय करने देते हैं कि सत्ता में किसे होना चाहिए।’

भाषा प्रचेता वैभव

वैभव


लेखक के बारे में