फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली
फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली
मुंबई, 19 मार्च (भाषा) कई महीनों के इंतजार के बाद बृहस्पतिवार को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को दर्शकों से जोरदार प्रतिक्रिया मिल रही है।
दर्शकों ने फिल्म की कहानी, एक्शन और मुख्य अभिनेता रणवीर सिंह के साथ अन्य कलाकारों के अभिनय की खूब सराहना की।
फिल्म की ‘एडवांस बुकिंग’ (फिल्म रिलीज से पहले टिकट की खरीद) ने नया रिकॉर्ड बनाया है। फिल्म के अब तक 15 लाख से अधिक टिकट बिक चुके हैं।
मुंबई में पहले दिन का शो देखने वाले दर्शकों ने इसे ‘पैसा वसूल’ फिल्म बताया। साथ ही इसे दोबारा देखने की योजना भी बनाई।
फिल्म के पहले दिन के पहले शो में पहुंचे एक दर्शक ने कहा, ‘पांच में से पांच अंक। इसे जरूर देखें, यह पूरी तरह पैसा वसूल है।’
कई दर्शकों ने कहानी का खुलासा करने से इनकार करते हुए कहा कि फिल्म का अनुभव खुद करना चाहिए।
एक अन्य दर्शक ने कहा, ‘शानदार, बेहतरीन। मैं इसे 10 में से 10 अंक दूंगा। एक्शन दृश्य बहुत अच्छे हैं, कहानी काफी दमदार है और लोगों को इसका अप्रत्याशित मोड़ पसंद आएगा।’
उन्होंने रणवीर सिंह के अभिनय को भी बेहतरीन बताते हुए कहा, ‘उन्होंने कमाल कर दिया।”
फिल्म की अवधि चार घंटे की है लेकिन दर्शकों के लिए यह कोई बाधा नहीं बनी।
एक दर्शक ने कहा, ‘फिल्म बहुत दिलचस्प है। आमतौर पर मेरा ध्यान भटक जाता है, लेकिन इसने मुझे अंत तक बांधे रखा।’
अभिनेता अल्लू अर्जुन ने फिल्म की प्रशंसा की। उन्होंने इसे ‘स्वैग के साथ देशभक्ति’ करार दिया और कहा कि यह एक ऐसी फिल्म है जो ‘हर देशभक्त को गौरवान्वित करेगी’।
वहीं, अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘अभी धुरंधर 2 देखी और मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि ‘‘‘रिवेंज’ (प्रतिशोध) हो तो धुरंधर जैसा, वरना न हो।’
भाषा प्रचेता सुरभि
सुरभि

Facebook


