मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर गड्ढा और सरिया बाहर निकल आने के कारण गाड़ियां क्षतिग्रस्त
मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर गड्ढा और सरिया बाहर निकल आने के कारण गाड़ियां क्षतिग्रस्त
पालघर, तीन जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक गड्ढे और उसमें से बाहर निकली लोहे की सरियों के कारण बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 15 मिनट के भीतर कम से कम 15 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस और नगर निकाय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मुंबई की ओर जाने वाली लेन में महालक्ष्मी क्षेत्र के पास सड़क पर यह बड़ा गड्ढा बन गया।
उन्होंने बताया कि बारिश के कारण सड़क पर कंक्रीट की ऊपरी परत उखड़ गई, जिससे नीचे लगी नुकीली लोहे की सरिया (रीबार) बाहर निकल आई। समय रहते गड्ढा नहीं देख पाने वाले कई वाहनों को इससे नुकसान पहुंचा।
एक चालक ने बताया कि करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चलाते समय उसकी गाड़ी इस गड्ढे से उतर गई, जिससे उसके वाहन के दो टायर फट गए और गाड़ी आगे चल रहे कुछ अन्य वाहनों से जा टकराई।
कासा पुलिस थाने के निरीक्षक अमर पाटिल ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘सूचना मिलने के बाद बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। वहां पांच से छह वाहनों के टायर गड्ढे और बाहर निकली लोहे की सरियों के कारण पंचर मिले। अब इस बड़े गड्ढे को भर दिया गया है।’’
पालघर आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि क्षेत्र के तहसीलदार को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं और अब इस मार्ग पर यातायात सामान्य हो गया है।
इस बीच, स्थानीय निवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन की आलोचना करते हुए कहा कि हाल में 650 करोड़ रुपये की लागत से इस राजमार्ग पर ‘व्हाइट-टॉपिंग’ (कंक्रीट की परत बिछाने) का काम किया गया था।
भाषा
राखी माधव
माधव

Facebook


