ठाणे में 1,200 करोड़ रुपये के निवेश घोटाले के पीड़ितों ने प्रदर्शन किया
ठाणे में 1,200 करोड़ रुपये के निवेश घोटाले के पीड़ितों ने प्रदर्शन किया
ठाणे, नौ फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस आयुक्त कार्यालय के बाहर 1,200 करोड़ रुपये के निवेश घोटाले के सैकड़ों पीड़ितों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने मामले की त्वरित जांच और ठगे गए धन की वापसी की मांग की।
आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने पिछले महीने गुजरात से तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। यह घोटाला महाराष्ट्र के 11,000 से अधिक निवेशकों से जुड़ा है, जिनमें करीब 1,500 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
पुणे, कोल्हापुर, जलगांव और रत्नागिरी से आए प्रदर्शनकारियों ने पुलिस आयुक्त कार्यालय के प्रवेश द्वार को अवरुद्ध कर दिया। उनका आरोप था कि पुलिस जांच बेहद धीमी गति से चल रही है।
पुलिस के अनुसार, इस घोटाले में लगभग 11,000 निवेशक और 1,200 करोड़ रुपये शामिल हैं।
आरोपियों (समीर नार्वेकर, उसकी पत्नी नेहा और उनके सहयोगी अमित बालम) ने वर्ष 2019 में ‘ट्रेड विद जैज’ नामक एक निवेश कंपनी की स्थापना की थी जिसका मुख्यालय पुणे में था।
पुलिस के अनुसार, इन लोगों ने शेयर बाजार और उससे जुड़ी गतिविधियों में निवेश पर चार प्रतिशत मासिक रिटर्न का लालच देकर निवेशकों को फंसाया।
बाद में कंपनी ने अचानक अपने कार्यालय बंद कर दिए और निवेशकों के जवाब देना बंद कर दिया, जिसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस में शिकायतें दर्ज कराई गईं।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
एक पीड़ित निवेशक ने संवाददाताओं से कहा, ‘हममें से अधिकांश ने निवेश के लिए कर्ज लिया या हमारे पार जो भी था उसे बेच दिया। अब हमारे बच्चों की पढ़ाई और शादियां रुक गई हैं।’
प्रदर्शनकारियों ने ईओडब्ल्यू की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 1,200 करोड़ रुपये के घोटाले के बावजूद पुलिस अब तक केवल 12 लाख रुपये की ही जब्ती कर पाई है।
भाषा
शुभम वैभव
वैभव

Facebook


