मुंबई में अतिक्रमण रोधी अभियान के दौरान हिंसा
मुंबई में अतिक्रमण रोधी अभियान के दौरान हिंसा
मुंबई, 20 मई (भाषा) मुंबई के बांद्रा इलाके में झुग्गी बस्ती में अतिक्रमण रोधी अभियान के दौरान बुधवार को कथित रूप से एक अवैध धार्मिक ढांचा तोड़े जाने के बाद हिंसा भड़क गई और स्थानीय निवासियों ने पत्थर फेंके जबकि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने पथराव के आरोप में 15 लोगों को हिरासत में लिया है। उन्होंने कहा कि पथराव में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया।
पश्चिम रेलवे ने बंबई उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद बांद्रा रेलवे स्टेशन के निकट गरीब नगर स्लम इलाके में मंगलवार को व्यापक अतिक्रमण रोधी अभियान चलाकर 500 अवैध झोपड़ियों में से अधिकतर को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों को रेलवे भूमि पर 5200 वर्ग मीटर हिस्से पर से अतिक्रमण हटाना है।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान वहां पर 1,000 से अधिक जवान तैनात किए गए थे। इनमें से 400 पुलिसकर्मी मुंबई के थे जबकि अन्य रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) से थे। इसके अलावा रेलवे के विभिन्न विभागों के कर्मी भी तैनात थे।
बुधवार को अतिक्रमण रोधी अभियान के दूसरे दिन दोपहर के समय अधिकारियों ने झुग्गी बस्ती में स्थित तीन मंजिला मस्जिद को ढहा दिया। हालांकि स्थानीय निवासियों ने दावा किया कि अधिकारियों ने उन्हें ध्वस्तीकरण से पहले मस्जिद परिसर के अंदर से सामान हटाने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया।
ओल्ड गरीब नगर सुन्नी मस्जिद को ध्वस्त किए जाने के समय बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिसके कारण तनाव फैल गया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान महिलाओं समेत कई लोगों को चोट आईं।
पुलिस कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
अधिकारी ने कहा कि इसके बाद स्थानीय निवासियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसकी वजह से एक कांस्टेबल घायल हो गया। उन्होंने कहा कि इलाके में कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
भाषा
जोहेब अविनाश
अविनाश

Facebook


