व्हाट्सऐप आधारित ‘मन मित्र’ ने आंध्र प्रदेश के मंदिरों के लिए 22.2 करोड़ रुपये जुटाये
व्हाट्सऐप आधारित 'मन मित्र' ने आंध्र प्रदेश के मंदिरों के लिए 22.2 करोड़ रुपये जुटाये
अमरावती, 24 जून (भाषा) आंध्र प्रदेश सरकार के ‘मन मित्र’ व्हाट्सऐप शासन मंच ने बंदोबस्ती विभाग के तहत आने वाले 21 प्रमुख मंदिरों के लिए 22.2 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया है, जो राज्य में डिजिटल सेवाओं के बढ़ते उपयोग को दर्शाता है।
व्हाट्सऐप के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंदिर सेवाएं उपलब्ध कराने वाले इस डिजिटल मंच का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में दर्शन और सेवा टिकटों की लगभग 30 प्रतिशत बुकिंग इसी माध्यम से की जा रही है।
बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘मन मित्र व्हाट्सऐप शासन मंदिर सेवाओं के लिए एक प्रमुख डिजिटल मंच बनकर उभरा है। इसने बंदोबस्ती विभाग के 21 प्रमुख मंदिरों के लिए 22.2 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया है और श्रद्धालुओं को दर्शन एवं सेवा टिकट बुक करने तथा ऑनलाइन दान देने की सुविधा प्रदान की है।’’
‘मन मित्र’ श्रद्धालुओं और मंदिरों के बीच एक सुविधाजनक डिजिटल सेतु बन गया है। इसके जरिये श्रद्धालु दर्शन और सेवा टिकट बुक कर सकते हैं, मुंडन सेवा का लाभ उठा सकते हैं तथा ई-हुंडी के माध्यम से दान दे सकते हैं। इससे उन्हें लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
सरकार के अनुसार, कुल राजस्व में से लगभग 13 करोड़ रुपये 11 मई से 11 जून के बीच अर्जित हुए, जो श्रद्धालुओं के बीच इसके बढ़ते उपयोग को दर्शाता है।
‘मन मित्र’ के माध्यम से सर्वाधिक राजस्व अर्जित करने वाले मंदिरों में श्रीकालहस्तीश्वर मंदिर पहले स्थान पर रहा, जहां बुकिंग और दान से 3.3 करोड़ रुपये से अधिक की आय हुई।
अन्य प्रमुख योगदानकर्ताओं में श्री वीर वेंकट सत्यनारायण स्वामी देवस्थानम शामिल है, जहां दो करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ। इसके बाद श्री भ्रमराम्बा मल्लिकार्जुन स्वामी देवस्थानम का स्थान रहा, जहां 1.7 करोड़ रुपये से अधिक की आय हुई।
भाषा अमित सुरेश
सुरेश

Facebook


