मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर बस को ट्रक ने टक्कर मारी, महिला की मौत, 15 घायल
मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर बस को ट्रक ने टक्कर मारी, महिला की मौत, 15 घायल
पालघर, एक मई (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर शुक्रवार शाम एक ट्रेलर ट्रक ने एक मिनी बस को टक्कर मार दी, जिससे 50 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और उसके परिवार के 15 सदस्य घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना शाम करीब छह बजे चिंचनीपाड़ा के पास हुई, जिसके कारण राजमार्ग पर लंबा यातायात जाम लग गया। पीड़ित परिवार एक सदस्य को मुंबई हवाई अड्डे छोड़ने के लिए गुजरात से आ रहा था।
कासा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मिनी बस का टायर पंक्चर हो गया था, जिसके कारण उसकी गति धीमी हो गई थी। उन्होंने कहा कि इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
अधिकारी के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पुष्पा लाड (50) की मौके पर ही मौत हो गई।
कासा थाने के निरीक्षक अमर पाटिल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घायलों को तुरंत कासा उप-जिला अस्पताल ले जाया गया।
इस राजमार्ग पर 12 घंटे के भीतर यह दूसरा हादसा था। शुक्रवार सुबह पालघर के सांसद हेमंत सावरा की कार की भी एक डंपर ट्रक से भिड़ंत हो गई थी। नायगांव थाने के एक अधिकारी ने बताया कि कार गुजरात की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रहे डंपर और कार के बीच टक्कर हो गई।
इस हादसे में सांसद सावरा को मामूली चोटें आईं, लेकिन कार चालक के हाथ की हड्डी टूट गई जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भाषा सुमित नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


