Bhopal Fake Police News : राजधानी में ‘नकली पुलिस’ का आतंक! चेकिंग के बहाने लोगों को बना रहे थे शिकार, खुल गया बड़ा खेल

Bhopal Fake Police News : भोपाल में दो अलग-अलग मामलों में फर्जी पुलिस बनकर लोगों से अवैध वसूली और लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने एक महिला समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।

Bhopal Fake Police News :  राजधानी में ‘नकली पुलिस’ का आतंक! चेकिंग के बहाने लोगों को बना रहे थे शिकार, खुल गया बड़ा खेल

Bhopal Fake Police News / Image Source : FILE

Modified Date: August 6, 2026 / 06:08 pm IST
Published Date: August 6, 2026 6:08 pm IST
HIGHLIGHTS
  • भोपाल में फर्जी पुलिस गैंग का बड़ा खुलासा।
  • नकली पिस्टल और फर्जी पहचान के सहारे लोगों को बना रहे थे शिकार।
  • पुलिस ने लोगों से पहचान पत्र जांचने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील की।

भोपाल: Bhopal Fake Police News :  मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिसकर्मी बनकर अपराध करने वाले गिरोह सक्रिय हैं। शहर में दो अलग-अलग घटनाओं में फर्जी पुलिस बनकर अवैध वसूली और लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने दोनों ही मामलों में तुरंत कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी समेत कई फर्जी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है।

पहला मामला शाहपुरा थाना क्षेत्र का

पहला मामला भोपाल के शाहपुरा थाना क्षेत्र का है, जहाँ एलएलबी (LLB) का छात्र कार्तिक मिश्रा और आईटी कंपनी का एचआर मैनेजर अमान खान खुद को कोहेफिजा थाने का पुलिसकर्मी बताकर वाहन चेकिंग के नाम पर लोगों से अवैध वसूली कर रहे थे। दोनों आरोपी सिविल ड्रेस में कमर में नकली पिस्टल लगाकर घूमते थे। संदेह होने पर जब स्थानीय लोगों ने उनसे पहचान पत्र माँगा, तो वे नहीं दिखा सके, जिसके बाद जनता ने उन्हें पकड़कर असली पुलिस के हवाले कर दिया।

युवक से सोने की चेन लूट ली

दूसरा मामला मिसरोद थाना क्षेत्र का है, जहाँ एक महिला समेत 5 आरोपियों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर एक युवक से सोने की चेन लूट ली। आरोपियों ने पीड़ित का गाड़ी से पीछा किया और एमडी (MD) ड्रग्स के केस में फंसाने की धमकी देकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य महिला आरोपी समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। पकड़ी गई महिला का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उस पर पहले से आधा दर्जन से ज्यादा केस दर्ज हैं।

फर्जी पुलिसकर्मियों को किया गिरफ्तार

मामले पर एडिशनल सीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि फर्जी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति संदिग्ध लगे या पुलिसकर्मी बनकर पैसे की मांग करे, तो तुरंत उसका पहचान पत्र चेक करें और बिना डरे तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112/100 पर सूचना दें।

इन्हें भी पढ़ें:


लेखक के बारे में

I’m Sneha Singh, a journalist and news producer at IBC24. A Gold Medalist in Journalism and Mass Communication, I specialize in news production, content writing, and digital storytelling. With a keen interest in political and crime reporting, I believe in delivering accurate, ethical, and impactful journalism that informs and connects with people.