वाईएसआरसीपी शासन के ‘शराब घोटाले’ में 100 करोड़ रुपये की मासिक रिश्वत शामिल थी: लोकेश
वाईएसआरसीपी शासन के ‘शराब घोटाले’ में 100 करोड़ रुपये की मासिक रिश्वत शामिल थी: लोकेश
अमरावती, सात मार्च (भाषा) आंध्र प्रदेश के सूचना एवं संचार मंत्री नारा लोकेश ने शनिवार को कहा कि पिछली वाईएसआरसीपी सरकार के दौरान कथित तौर पर हुए 3,500 करोड़ रुपये के ‘शराब घोटाले’ में 100 करोड़ रुपये की मासिक रिश्वत शामिल थी और ईडी ने 1,000 करोड़ रुपये से अधिक के नकद लेन-देन का खुलासा भी किया है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को कहा कि उसने आंध्र प्रदेश शराब घोटाला मामले में शामिल विभिन्न आरोपियों की 441 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियां जब्त कर ली है।
जब्त की गई संपत्तियों में मुख्य आरोपी कासिरेड्डी राजशेखर रेड्डी, उनके परिवार के सदस्यों और संबंधित संस्थाओं, बूनेटी चाणक्य और उनकी संबंधित संस्थाओं, डोंथिरेड्डी वासुदेव रेड्डी के रिश्तेदारों और संस्थाओं समेत अन्य आरोपियों की संपत्तियां शामिल हैं।
लोकेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हर महीने 100 करोड़ रुपये की रिश्वत। लगभग 3,500 करोड़ रुपये का धनशोधन। ईडी द्वारा 1,048 करोड़ रुपये के नकद लेन-देन का खुलासा। क्या यही आपके 2019 के ‘‘शराबबंदी’’ के वादे के पीछे की असली कहानी है, वाईएस जगन मोहन रेड्डी?’’
उन्होंने आरोप लगाया कि जहां जगन शराबबंदी का उपदेश दे रहे थे, वहीं उनके करीबी लोग हजारों करोड़ रुपये अपनी जेबों में भर रहे थे।
लोकेश ने पूछा, ‘‘क्या आप (जगन) आंध्र प्रदेश की जनता को जवाब देंगे या चुप्पी ही आपका एकमात्र बचाव होगा?’’
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश

Facebook


