ऑरलियन्स मास्टर्स में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे आयुष और तन्वी, चोटिल प्रणय हटे
ऑरलियन्स मास्टर्स में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे आयुष और तन्वी, चोटिल प्रणय हटे
ऑरलियन्स (फ्रांस), 16 मार्च (भाषा) एचएस प्रणय के कंधे की चोट के कारण टूर्नामेंट से हटने के बाद युवा खिलाड़ी आयुष शेट्टी और तन्वी शर्मा मंगलवार से यहां शुरू होने वाले 250,000 अमेरिकी डॉलर इनामी ऑरलियन्स मास्टर्स सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे।
प्रणय को पहले दौर में चीनी ताइपे के शीर्ष वरीयता प्राप्त चाउ टिएन चेन से भिड़ना था, लेकिन पिछले सप्ताह बासेल में स्विस ओपन के दौरान उनके कंधे में काफी दर्द हो गया था जिसके कारण उन्हें इस टूर्नामेंट से हटना पड़ा।
उन्होंने पीटीआई से कहा, ‘‘मुझे तब कंधे में दर्द का कारण पता नहीं था और इसलिए मैंने टूर्नामेंट से नाम वापस लेने और स्वदेश लौटने का फैसला किया। स्कैन से पता चला कि हल्का सा कट लगा है। यह मामूली चोट है और उम्मीद है कि मैं जल्द ही ठीक हो जाऊंगा।’’
उनकी अनुपस्थिति में सभी की निगाहें आठवीं वरीयता प्राप्त और विश्व रैंकिंग में 25वें नंबर के खिलाड़ी आयुष शेट्टी पर टिकी होंगी। वह चीनी ताइपे के ली चिया हाओ के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।
विश्व के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी और वर्तमान में 30वें स्थान पर काबिज किदाम्बी श्रीकांत का सामना डेनमार्क के मैग्नस जोहानसेन से होगा जबकि स्विस ओपन में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाले थारुन मन्नेपल्ली अपने पहले मैच में चीनी ताइपे के वांग त्ज़ु वेई से भिड़ेंगे।
विश्व रैंकिंग में 42वें स्थान पर काबिज किरण जॉर्ज का सामना जापान के तीसरे वरीयता प्राप्त केंटा निशिमोटो से होगा।
महिला एकल में पिछले साल की बीडब्ल्यूएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता तन्वी शर्मा का पहला मुकाबला थाईलैंड की सुपानिडा कटेथोंग से होगा, जबकि मालविका बंसोड़ चीनी ताइपे की सुंग शुओ युन के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
भारत की अन्य महिला खिलाड़ियों में रक्षिता श्री संतोष रामराज का सामना जापान की मनामी सुइजू से जबकि अनमोल खराब का मुकाबला तुर्किए की नेसलिहान एरिन से होगा।
महिला युगल में देविका सिहाग और इशारानी बरुआ क्वालीफायर जोड़ी से भिड़ेंगी। महिला युगल में ही अश्विनी भट के और शिखा गौतम का मुकाबला जापान की चौथी वरीयता प्राप्त रुई हिरोकामी और सायका होबारा से होगा।
पुरुष युगल में हरिहरन आमसकारुनन और एम आर अर्जुन का सामना चीनी ताइपे की जोड़ी लाई पो यू और त्साई फू चेंग से होगा।
मिश्रित युगल में रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी तथा ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो भारत की चुनौती पेश करेंगे।
भाषा
पंत सुधीर
सुधीर

Facebook


