टेस्ट शृंखला से पहले भारत ए न्यूजीलैंड का दौरा करेगा, चार दिवसीय तीन मैच खेलेगा
टेस्ट शृंखला से पहले भारत ए न्यूजीलैंड का दौरा करेगा, चार दिवसीय तीन मैच खेलेगा
मुंबई, एक सितंबर (भाषा) भारत ए की टीम 24 अक्टूबर से क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीन मैच की चार दिवसीय शृंखला खेलेगी। न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह शृंखला न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की दो टेस्ट मैच की आगामी शृंखला की तैयारियों का हिस्सा होगी। भारत ए के मुकाबले सीनियर टीम की टेस्ट शृंखला से पहले खेले जाएंगे।
इन मुकाबलों की घोषणा न्यूजीलैंड क्रिकेट के लाल गेंद के घरेलू टूर्नामेंट प्लंकेट शील्ड के कार्यक्रम के तहत की गई।
एनजेडसी ने अपनी वेबसाइट पर कहा, ‘‘लाल गेंद के घरेलू सत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर का रोमांच भी शामिल होगा जिसमें न्यूजीलैंड ए 24 अक्टूबर से क्राइस्टचर्च में भारत ए के खिलाफ चार दिवसीय तीन मैच खेलेगा।’’
भारत को अक्टूबर-नवंबर में न्यूजीलैंड का दौरा करना है जहां वह पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय, पांच एकदिवसीय और दो टेस्ट मैच खेलेगा।
दो टेस्ट मैच की शृंखला 19 से 23 नवंबर तक वेलिंगटन में खेले जाने वाले मुकाबले से शुरू होगी। इसके बाद दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से एक दिसंबर तक क्राइस्टचर्च में होगा।
भारत फिलहाल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है जबकि न्यूजीलैंड तीसरे स्थान पर है।
न्यूजीलैंड ने 2024-25 में भारत के पिछले टेस्ट दौरे पर क्लीन स्वीप करते हुए 3-0 से शृंखला अपने नाम की थी।
भाषा
सुधीर आनन्द
आनन्द

Facebook


