अन्वय द्रविड़ का अर्धशतक पर महाविथाना के शतक से श्रीलंका ने भारत को आठ विकेट से हराया
अन्वय द्रविड़ का अर्धशतक पर महाविथाना के शतक से श्रीलंका ने भारत को आठ विकेट से हराया
हम्बनटोटा (श्रीलंका), छह जुलाई (भाषा) दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ ने 67 गेंद में 87 रन की उम्दा पारी खेली लेकिन इसके बावजूद श्रीलंका अंडर-19 टीम ने सलामी बल्लेबाज दिमांथा महाविथाना के नाबाद 155 रन की बदौलत सोमवार को यहां दूसरे युवा एकदिवसीय मैच में भारत अंडर-19 टीम को आठ विकेट से हरा दिया।
अन्वय की पारी की मदद से भारत ने 285 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया लेकिन महाविथाना की 153 गेंद में 12 चौकों और पांच छक्कों से नाबाद 155 रन की पारी की बदौलत श्रीलंका ने 48 ओवर में दो विकेट पर 291 रन बनाकर जीत दर्ज की।
तीन मैच की श्रृंखला अब 1-1 से बराबर है।
महाविथाना ने सेनुजा वेकुनागोडा (60) के साथ दूसरे विकेट के लिए 103 और कप्तान विमथ दिनसारा (नाबाद 56) के साथ तीसरे विकेट के लिए 163 रन की अटूट साझेदारी करके मेजबान टीम की जीत की राह आसान की।
भारतीय टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही और एक समय उसका स्कोर चार विकेट पर 81 रन था।
अन्वय (नौ चौके और एक छक्का) और अर्जुन राजपूत (76) ने टीम को संकट से उबारा। विकेटकीपर-बल्लेबाज अन्वय और राजपूत ने पांचवें विकेट के लिए 145 रन जोड़कर भारत को 221 रन तक पहुंचाया। राजपूत के आउट होने से यह साझेदारी टूटी।
अन्वय ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 47 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उनके पास शतक बनाने का अच्छा मौका था लेकिन वह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज गिम्हान मेंडिस के हाथों आउट हो गए जिन्होंने श्रीलंका के लिए 41 रन देकर पांच विकेट लिए।
उनके आउट होने के बाद भारतीय पारी ज्यादा देर तक नहीं चली। उसने अपने अंतिम तीन विकेट 22 रन के अंदर गंवा दिए।
भारत ने पहले मैच में श्रीलंका को चार विकेट से हराया था।
भाषा
सुधीर मोना
मोना

Facebook


