अश्मिता और अनमोल मकाऊ ओपन के क्वार्टर फाइनल में, बाकी सभी वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त
अश्मिता और अनमोल मकाऊ ओपन के क्वार्टर फाइनल में, बाकी सभी वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त
मकाऊ, 18 जून (भाषा) अनमोल खरब और अश्मिता चालिहा बृहस्पतिवार को यहां मकाऊ ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं जबकि बाकी वर्गों में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।
दुनिया की 63वें नंबर की खिलाड़ी अश्मिता ने बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अमेरिका की इशिका जायसवाल को 32 मिनट में 22-20, 21-15 से हराकर अंतिम आठ में अपनी जगह पक्की की।
गैर वरीय अश्मिता का सामना अब दक्षिण कोरिया की किम मिन सन से होगा।
दुनिया की 51वें नंबर की खिलाड़ी और आठवीं वरीय अनमोल आसानी से अगले दौर में पहुंची क्योंकि मलेशिया की पूर्व विश्व जूनियर और युवा ओलंपिक चैंपियन गोह जिन वेई शुरुआती गेम में सिर्फ आठ मिनट के खेल के बाद 4-12 से पीछे रहने पर मैच से हट गईं।
भारतीय खिलाड़ी अब एक मुश्किल क्वार्टर फाइनल में चीन की चौथी वरीय हान कियान शी का सामना करेंगी।
बाकी भारतीय महिला एकल खिलाड़ी ‘राउंड 16’ में बाहर हो गईं।
रक्षिता श्री संतोष रामराज को किम मिन सन से 35 मिनट में 15-21, 9-21 से हार का सामना करना पड़ा जबकि श्रियांशी वालिसेट्टी को दक्षिण कोरिया की किम मिन जी से 42 मिनट के मुकाबले में 16-21, 16-21 से पराजय मिली।
ईशारानी बरुआ दक्षिण कोरिया की पार्क गा यून से 54 मिनट में 19-21, 21-23 से हार गईं।
पुरुषों के एकल में भी भारत का अभियान खत्म हो गया क्योंकि दोनों खिलाड़ी प्री-क्वार्टर फाइनल में बाहर हो गए।
थारुन मन्नेपल्ली चीन के डोंग तियान याओ के खिलाफ 44 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में 22-24, 15-21 से हार गए। वहीं रौनक चौहान को एक और चीनी खिलाड़ी हू झे एन ने 48 मिनट में 13-21, 17-21 से हराया।
मिश्रित युगल में ईशान भटनागर और श्रुति मिश्रा भी चीन के ली होंग यी और हुआंग के शिन की छठे नंबर की जोड़ी से करीबी मुकाबले में हारकर बाहर हो गए। उन्हें 58 मिनट चले मुकाबले में 21-19, 20-22, 16-21 से हार मिली।
पुरुषों और महिलाओं के युगल में भारत का सफर पहले ही खत्म हो चुका था।
भाषा नमिता
नमिता

Facebook


