एशियाई चैंपियनशिप पदक विजेता पीयूष राज को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित, सरकारी नौकरी की घोषणा की
एशियाई चैंपियनशिप पदक विजेता पीयूष राज को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित, सरकारी नौकरी की घोषणा की
पटना, तीन जून (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को राज्य के युवा एथलीट पीयूष राज को 22वीं जूनियर एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पदक जीतने के लिए सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया और बिहार सरकार में शीघ्र सरकारी सेवा में नियुक्ति देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि पीयूष की यह उपलब्धि बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने पीयूष के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
हाल में चीन में आयोजित 22वीं जूनियर एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप की चार गुणा 400 मीटर रिले स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले पीयूष राज बिहार के पहले खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने इस प्रतियोगिता में पदक हासिल किया है।
मंगलवार को पटना लौटने पर पीयूष का भव्य स्वागत किया गया।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अंगवस्त्र और पुष्पमाला भेंट कर उनका स्वागत किया।
भाषा कैलाश पारुल नमिता
नमिता

Facebook


