बिना किसी ठोस वजह फेड कप में हिस्सा नहीं लेने पर प्रतिबंधित हो सकते हैं एथलीट: एएफआई
बिना किसी ठोस वजह फेड कप में हिस्सा नहीं लेने पर प्रतिबंधित हो सकते हैं एथलीट: एएफआई
नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने घोषणा की है कि कोई भी एथलीट जो 22-25 मई तक रांची में होने वाले राष्ट्रीय सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन कप में प्रविष्टि मिलने के बाद बिना किसी ठोस वजह के शामिल नहीं होता है तो उसे बाद की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित किया जा सकता है।
पिछले कुछ साल से एएफआई को इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है कि एथलीट अपनी स्पर्धा के लिए नाम तो दर्ज करवा लेते हैं, लेकिन मुकाबले के दौरान आते नहीं हैं। इसकी वजह शायद यह डर है कि राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी उनका डोप परीक्षण कर सकती है, या फिर कोई और वजह हो सकती है जिसके चलते किसी खास स्पर्धा में बहुत कम एथलीट ही हिस्सा लेते हैं।
एएफआई ने फेडरेशन कप के संबंध में हाल में जारी एक सर्कुलर में कहा, ‘‘अगर कोई एथलीट बिना किसी ठोस वजह के प्रविष्टि भेजने के बाद भी मुकाबले में हिस्सा नहीं लेता है तो उसे बाद की किसी भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। महासंघ के पास यह अधिकार है कि वह बिना कोई वजह बताए किसी भी प्रविष्टि को खारिज कर सकता है। ’’
इसके अलावा फेडरेशन कप में सिर्फ वही एथलीट हिस्सा ले पाएंगे जिन्होंने इस साल के दौरान एएफआई द्वारा आयोजित कम से कम दो प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया हो।
इस बीच एएफआई ने यह भी कहा कि जिन खिलाड़ियों ने अपनी निलंबन की अवधि पूरी कर ली है, वे अगर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेना चाहते हैं तो वे उस तारीख से ठीक एक साल पहले की अवधि में हासिल किए गए अपने प्रदर्शन का सबूत (प्रविष्टि मानक की जरूरत के लिए) जमा कर सकते हैं, जिस तारीख को उन पर यह निलंबन लगाया गया था।
एएफआई ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए प्रदर्शन से जुड़ी जरूरतों के संबंध में यह साफ किया जाता है कि जिन एथलीटों पर एएफआई या डोपिंग रोधी एजेंसियों द्वारा प्रतिबंध लगाया गया था और जिन्होंने अब अपने निलंबन की अवधि पूरी कर ली है और अब वे हिस्सा लेने के योग्य हैं तो वे उस तारीख से ठीक एक साल पहले की अवधि में हासिल किए गए अपने प्रदर्शन का सबूत अपलोड और जमा कर सकते हैं। ’’
भाषा नमिता पंत
पंत

Facebook


