स्पिनरों के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने महिला विश्व कप में इंग्लैंड को नौ विकेट पर 244 रन पर रोका
स्पिनरों के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने महिला विश्व कप में इंग्लैंड को नौ विकेट पर 244 रन पर रोका
इंदौर, 22 अक्टूबर (भाषा) टैमी ब्यूमोंट की 78 रन की पारी के बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने अलाना किंग की किफायती गेंदबाजी से महिला वनडे विश्व कप मैच में बुधवार को यहां इंग्लैंड की पारी को नौ विकेट पर 244 रन पर रोक दिया।
किंग ने अपने 10 ओवर के कोटे में सिर्फ 20 रन खर्च कर इंग्लैंड की कप्तान नैट-सिवर ब्रंट (सात) को आउट किया। किंग को सोफी मोलिनक्स (52 रन पर दो विकेट) और एशले गार्डनर (39 रन पर दो विकेट) का अच्छा साथ मिला। एनाबेल सदरलैंड ने सबसे ज्यादा तीन विकेट चटकाये लेकिन उन्होंने अपने 10 ओवर में 60 रन खर्च किये।
इंग्लैंड के लिए ब्यूमोंट ने 105 गेंद की पारी में 10 चौके और एक छक्का लगा एक छोर से विकेट गिरने के बावजूद रन बनाना जारी रखा लेकिन टीम की रन गति को आखिरी ओवरों में एलिस कैप्सी (32 गेंद में 38 रन) और चार्ली डीन (27 गेंद में 26 रन) ने सातवें विकेट के लिए 52 गेंद में 61 रन की साझेदारी के साथ तेज किया।
ब्यूमोंट ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर अपनी पहली ही गेंद को स्क्वायर लेग पर चौका लगाने के बाद किम गार्थ की गेंद पर मिड-विकेट पर शानदार छक्का जड़कर लय में होने का संकेत दिया।
दूसरी तरफ एमी जोन्स (18) ने मेगन शट की गेंद पर तीन चौके जड़ ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों को परेशान किया।
आत्मविश्वास से भरी ब्यूमोंट ने गार्थ को निशाना बनाना जारी रखते हुए एक ही ओवर में तीन और चौके जड़े।
सदरलैंड ने अपनी धीमी गेंद पर जोन्स को चकमा देकर बोल्ड किया और ब्यूमोंट के साथ 55 गेंद में 55 रन की साझेदारी को तोड़ा।
ब्यूमोंट ने हालांकि 44 गेंदों में मौजूदा टूर्नामेंट का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। लेकिन इसके बाद स्पिनरों ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर नकेल कसना शुरू कर दिया। इस बीच ब्यूमोंट को हीथर नाइट (20) का साथ मिला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 35 रन जोड़े।
मोलिनक्स ने नाइट को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा, जबकि किंग ने सिवर-ब्रंट को चलता कर इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ दी।
दबाव के बीच सोफिया डंकले (22) ब्यूमोंट का साथ देने क्रीज पर आयी लेकिन किंग और मोलिनक्स की कसी हुई गेंदबाजी के सामने यह जोड़ी रन बनाने के लिए संघर्ष करते हुए दिखी। दोनों ने 42 रन की साझेदारी के लिए 74 गेंद खर्च किये।
ब्यूमोंट ने कुछ बाउंड्री लगाकर दबाव कम करने कोशिश की, लेकिन उनका आक्रामक इरादा महंगा साबित हुआ। उन्होंने सदरलैंड की धीमी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन लॉन्ग-ऑन पर जॉर्जिया वोल ने शानदार कैच लपक उनकी शानदार पारी का अंत किया।
एम्मा लैंब (सात) कुछ खास नहीं कर सकी जबकि डंकले भी बडे शॉट की कोशिश में गार्डनर की गेंद पर स्टंप हो गयी।
कैप्सी और डीन ने कुछ जोरदार शॉट लगाकर टीम के स्कोर को 240 रन तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर

Facebook


