खेल मंत्री मांडविया ने भारोत्तोलकों को सम्मानित किया
खेल मंत्री मांडविया ने भारोत्तोलकों को सम्मानित किया
नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय भारोत्तोलकों को सम्मानित करते हुए कहा कि उनका प्रत्येक पदक देश के लिए अपार खुशी लेकर आया है।
भारतीय भारोत्तोलन टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में एक स्वर्ण, छह रजत और एक कांस्य पदक जीता। ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू एकमात्र स्वर्ण पदक विजेता रहीं।
मीराबाई को 30 लाख रुपये का चेक दिया गया, जबकि रजत और कांस्य पदक विजेताओं को क्रमशः 20 लाख रुपये और 10 लाख रुपये दिए गए।
मांडविया ने सम्मान समारोह के दौरान कहा, ‘‘शायद आपको इसका अहसास न हो, लेकिन आपका जीता हर पदक देश को अपार खुशी देता है। जब भी आप में से किसी ने पदक जीता, संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले इसकी घोषणा की गई। जो खिलाड़ी इस बार पदक नहीं जीत पाए उन्हें यह याद रखना चाहिए कि खिलाड़ी कभी हारता नहीं है। वह या तो जीतता है या जीत हासिल करना सीखता है।’’
मीराबाई ने राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक हासिल किया। इससे पहले उन्होंने 2018 और 2022 में भी स्वर्ण पदक जीता था।
उन्होंने सम्मान समारोह के बाद पीटीआई से कहा, ‘‘मैं बेहद खुश हूं। मुझे बहुत प्यार मिला है। आज हम सभी को सम्मानित किया गया। यह हम खिलाड़ियों के लिए बहुत बड़ा पल है। मुझे खुशी है कि मैं भारत के लिए कुछ कर पाई हूं।’’
मीराबाई ने कहा कि उनका ध्यान अब अगले महीने जापान में होने वाले एशियाई खेलों पर है।
उन्होंने कहा, ‘‘एशियाई खेलों में मैं 49 किलोग्राम वर्ग में प्रतिस्पर्धा करूंगी, क्योंकि 48 किलोग्राम वर्ग को समाप्त कर दिया गया है। एशियाई खेलों में पदक जीतना मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि यही एक पदक मेरे पास नहीं है। वहां प्रतियोगिता बेहद कड़ी है, लेकिन मैं वह पदक जीतने के लिए अपनी जीजान लगा दूंगी।’’
मीराबाई ने कहा, ‘‘मैंने अभी तक ओलंपिक के लिए योजना नहीं बनाई है। अभी मेरा पूरा ध्यान एशियाई खेलों पर है। उसके बाद ही मैं ओलंपिक पर विचार करूंगी।’’
भाषा
पंत
पंत

Facebook


