चक्का फेंक खिलाड़ी बनवीर पर सात साल का प्रतिबंध, हरेंद्र दूसरी बार चार साल के लिए निलंबित
चक्का फेंक खिलाड़ी बनवीर पर सात साल का प्रतिबंध, हरेंद्र दूसरी बार चार साल के लिए निलंबित
नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) चक्का फेंक खिलाड़ी बनवीर सिंह को राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) के अपील पैनल (एडीएपी) ने डोप परीक्षण में विफल होने के कारण सात साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। यह सजा अनुशासनात्मक समिति द्वारा दी गई सजा से दो साल अधिक है।
पिछले साल नाडा के डोपिंग रोधी अनुशासन समिति (एडीडीपी) ने बनवीर को स्टेरॉयड मेथैंडिएनोन के लिए पॉजिटिव पाए जाने पर 23 दिसंबर 2024 से पांच साल के लिए निलंबित कर दिया था।
वह 12 महीनों के भीतर तीन बार अपनी रहने के स्थान संबंधी जानकारी देने में नाकाम रहने के कारण इस साल 22 दिसंबर तक दो साल का निलंबन भी झेल रहे हैं।
एडीएपी ने ताजा अपडेट में प्रतिबंध की अवधि बढ़ा दी है। नाडा ने एडीएपी के सजा बढ़ाने के फैसले के कारणों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
सैंतीस साल की उम्र में बनवीर डोपिंग के लिए निलंबित होने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ियों में से एक हो सकते हैं।
वर्ष 2022 में भुवनेश्वर में इंडियन ग्रां प्री में दूसरे स्थान पर रहने के अलावा बनवीर अपने करियर में कभी शीर्ष तीन में नहीं रहे हैं।
इसके अलावा लंबी दूरी के धावक हरेंद्र कुमार को इस साल दो अगस्त से चार साल के लिए एक बार फिर निलंबित किया गया है।
उन्हें इससे पहले एडीडीपी द्वारा तीन अगस्त 2022 से चार साल के लिए प्रतिबंधित किया गया था जब वह प्रतिबंधित पदार्थ डार्बेपोएटिन के लिए पॉजिटिव पाए गए थे।
भाषा सुधीर मोना
मोना

Facebook


