आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम की अगुवाई करेंगे बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा की भी वापसी
आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम की अगुवाई करेंगे बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा की भी वापसी
नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) पिछले लंबे समय से चोटों के कारण बाहर रहने वाले स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने भारतीय टीम में वापसी की है और वह आयरलैंड के खिलाफ डबलिन में होने वाली तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला में टीम की अगुवाई करेंगे।
आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की यह श्रंखला 18 से 23 अगस्त तक खेली जाएगी।
बुमराह का पीठ की चोट के लिए न्यूजीलैंड में ऑपरेशन किया गया था और वह पिछले कुछ समय से राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी ( एनसीए) में रिहैबिलिटेशन पर थे। इस तेज गेंदबाज ने हाल में मुंबई के खिलाफ अलूर में खेले गए मैच में अपने कोटे के 10 ओवर किए थे।
चयनकर्ताओं ने कर्नाटक के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को भी टीम में शामिल किया है। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने भारत की तरफ से अपना अंतिम मैच पिछले साल अगस्त में जिंबाब्वे के खिलाफ वनडे के रूप में खेला था। इसके बाद उन्होंने स्ट्रेस फ्रैक्चर के लिए ऑपरेशन करवाया था।
रुतुराज गायकवाड को टीम का उप कप्तान नियुक्त किया गया है।
आयरलैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है: जसप्रीत बुमरा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़ (उप कप्तान), यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, संजू सैमसन (विकेटकीपर), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार, अवेश खान।
भाषा
पंत सुधीर
सुधीर

Facebook


