दक्षिणेश्वर के शानदार प्रदर्शन से भारत ने डेविस कप में नीदरलैंड के खिलाफ की वापसी
दक्षिणेश्वर के शानदार प्रदर्शन से भारत ने डेविस कप में नीदरलैंड के खिलाफ की वापसी
… अमनप्रीत सिंह …
बेंगलुरु, सात फरवरी (भाषा) भारत की डेविस कप टीम में अहम खिलाड़ी के रूप में तेजी से उभर रहे दक्षिणेश्वर सुरेश ने शनिवार को यहां क्वालीफायर राउंड एक के मुकाबले में नीदरलैंड के शीर्ष खिलाड़ी जेस्पर डी जोंग को शिकस्त दी। सुमित नागल की दिन के पहले एकल मुकाबले में हार के बाद दक्षिणेश्वर की 6-4, 7-5 से मिली जीत से भारत शुरुआती दिन मुकाबला 1-1 से बराबर करने में सफल रहा। विश्व रैंकिंग में 465वें स्थान पर काबिज दक्षिणेश्वर ने विश्व नंबर 88 डी जोंग के खिलाफ जोरदार जीत हासिल डेविस कन में भरोसेमंद खिलाड़ी के तौर पर अपनी साख मजबूत की। उन्होंने पिछले साल स्विट्जरलैंड के खिलाफ उच्च रैंकिंग वाले प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ भी जीत दर्ज की थी। नागल के दो घंटे 28 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में गाए डे ओडेन से 0-6, 6-4, 3-6 से हारने के बाद भारत 0-1 से पिछड़ गया था। भारत को टूर्नामेंट में बनाए रखने का दबाव दक्षिणेश्वर पर था, और उन्होंने डी जोंग के खिलाफ संयमित प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों ने पहले सेट में जोरदार सर्विस की, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने देर से मिले मौके का फायदा उठाते हुए बढ़त बना ली। दक्षिणेश्वर ने दूसरे सेट में भी ऐसा ही संयम दिखाया, शुरुआत में ही एक ब्रेक प्वाइंट बचाया और निर्णायक क्षण में डी जोंग की लड़खड़ाती सर्विस का फायदा उठाकर सेट अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच बहुत कम अंतर था, दोनों खिलाड़ियों ने जोरदार सर्विस की और लंबी रैलियों से परहेज किया। डी जोंग जब पहले सेट में बने रहने के लिए सर्विस कर रहे थे, तब दक्षिणेश्वर ने उन पर दबाव बनाना शुरू किया, उनसे गलतियां करवाई और अपने तीसरे सेट प्वाइंट को भुनाकर बढ़त हासिल कर ली। भारतीय खिलाड़ी ने दूसरे सेट में भी ऐसा ही संयम दिखाया, तीसरे गेम में दमदार रैली के साथ ब्रेक प्वाइंट बचाया और निर्णायक क्षण में डी जोंग की लड़खड़ाती सर्विस का फायदा उठाकर सेट जीत लिया। नीदरलैंड के खिलाड़ी ने सेट में बने रहने के लिए सर्विस करते समय दो डबल फॉल्ट किए। दक्षिणेश्वर ने इसके बाद दौड़ते हुए एक जोरदार फोरहैंड विनर लगाकर मैच अपने नाम कर लिया। युकी भांबरी और एन श्रीराम बालाजी रविवार को युगल मुकाबले में सैंडर एरेंड्स और डेविड पेल का सामना करेंगे। युगल मुकाबले के बाद एकल मुकाबले खेले जाएंगे। इस मुकाबले का विजेता सितंबर में होने वाले क्वालीफायर के दूसरे राउंड में पहुंचेगा जबकि हारने वाली टीम विश्व ग्रुप एक में खेलेगी। इससे पहले नागल शुरुआती मुकाबले के पहले सेट में पूरी तरह दबाव में नजर आए। डे ओडेन ने अपनी सर्विस पर सिर्फ एक अंक गंवाया और 38 मिनट में सेट अपने नाम कर लिया। नीदरलैंड के खिलाड़ी ने शुरुआती गेम में बिना कोई अंक गंवाए सर्विस बरकरार की और तुरंत ही नागल पर दबाव बना दिया। 40-0 की बढ़त के बावजूद नागल ने दो डबल फॉल्ट और कई अनफोर्स्ड गलती करते हुए अपनी सर्विस गंवा दी। नागल फिर लड़खड़ा गए। अगली सर्विस गेम में फोरहैंड की गलतियों के चलते कई ब्रेक पॉइंट दे बैठे। इससे नीदरलैंड खिलाड़ी को 4-0 की मजबूत बढ़त मिल गई। सेट में बने रहने के लिए सर्व करते हुए नागल ने एक सेट प्वाइंट बचाया, लेकिन अगला गंवा बैठे और घरेलू दर्शकों के सामने 0-6 से सेट हार गए। दूसरे सेट में नागल ने ज्यादा जुझारूपन दिखाया। उन्होंने शुरुआती सर्विस गेम बिना कोई अंक गंवाए जीता। सातवें गेम तक दोनों खिलाड़ी सर्विस बचाते रहे। तीन ब्रेक पॉइंट गंवाने के बाद नागल ने चौथे मौके का फायदा उठाया। उन्होंने आक्रामक खेल दिखाया। इस बढ़त से उत्साहित नागल ने बिना कोई अंक गंवाए सर्व करते हुए 5-3 की बढ़त बनाई और आसानी से सेट जीतकर मुकाबले को 1-1 से बराबरी पर ला दिया। निर्णायक तीसरा सेट बेहद रोमांचक रहा। दूसरे गेम में नेट की ओर तेजी से बढ़ते हुए फोरहैंड वॉली चूकने पर नागल सर्विस गंवा बैठे। बाद में उन्हें पांच ब्रेक प्वाइंट मिले जिनमें से एक को भुनाकर वे मुकाबले में बने रहे। लेकिन निर्णायक क्षणों में डे ओडेन ने फिर बढ़त बना ली। फिर नीदरलैंड को निर्णायक ब्रेक मिला और नागल के बैकहैंड वॉली नेट पर मारने से इसे जीत लिया। इसके बाद डे ओडेन ने सर्व करते हुए मैच जीत लिया और नीदरलैंड को 1-0 की बढ़त दिला दी। भाषा नमिता आनन्द नमितानमिता

Facebook


