दीक्षा और अदिति बेल्जियम में संयुक्त तीसरे स्थान पर, खिताबी दौड़ में बरकरार
दीक्षा और अदिति बेल्जियम में संयुक्त तीसरे स्थान पर, खिताबी दौड़ में बरकरार
हुलेनकोर्ट (बेल्जियम) पांच जुलाई (भाषा) भारत की अनुभवी गोल्फर दीक्षा डागर और अदिति अशोक ने हुलेनकोर्ट महिला ओपन के तीसरे दौर के बाद संयुक्त तीसरे स्थान पर पहुंचकर खिताब की दौड़ में अपनी मजबूत दावेदारी बनाए रखी है।
दीक्षा ने लेडीज यूरोपीय टूर (एलईटी) के इस टूर्नामेंट में भारत की उम्मीदों को कायम रखते हुए एक अंडर 71 और अदिति ने दो अंडर 70 का कार्ड खेला। दोनों ओलंपियन का कुल स्कोर पांच अंडर 211 है और वे तालिका में शीर्ष पर काबिज ऑस्ट्रेलिया की केल्सी बेनेट से पांच स्ट्रोक पीछे हैं।
बेनेट ने तीन अंडर 69 का कार्ड खेला और कुल 10 अंडर के स्कोर के साथ बढ़त हासिल कर ली। उन्होंने स्पेन की कैरोलिना चकार्रा पर दो स्ट्रोक की बढ़त बना ली है।
दीक्षा ने दूसरे और नौवें होल पर बर्डी लगाई, जबकि दिन का एकमात्र बोगी 10वें होल पर किया।
पांच बार की एलईटी विजेता अदिति अशोक तीन बोगी करने के बाद पिछड़ रही थी लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए अंतिम चार में से तीन होल पर बर्डी लगाई और दीक्षा के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर पहुंच गईं।
युवा खिलाड़ी अवनी प्रशांत का दिन निराशाजनक रहा। उन्होंने सात ओवर 79 का कार्ड खेला और संयुक्त 51वें स्थान पर खिसक गईं।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


