दिल्ली प्रीमियर लीग तीसरे सत्र की नीलामी में पंत, प्रतिका पर नजरें

दिल्ली प्रीमियर लीग तीसरे सत्र की नीलामी में पंत, प्रतिका पर नजरें

दिल्ली प्रीमियर लीग तीसरे सत्र की नीलामी में पंत, प्रतिका पर नजरें
Modified Date: June 30, 2026 / 06:45 pm IST
Published Date: June 30, 2026 6:45 pm IST

नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) दिल्ली प्रीमियर लीग टी20 के तीसरे सत्र की बुधवार को होने वाली नीलामी में 600 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी और नजरें भारतीय क्रिकेटरों ऋषभ पंत और प्रतिका रावल पर रहेंगी ।

नीलामी के लिये 400 पुरूष और 200 महिला खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है जो आठ पुरूष और चार महिला टीमों के लिये चुने जायेंगे ।

आयोजकों द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार टीमों ने 65 पुरूष और 28 महिला खिलाड़ियों को बरकरार रखा (रिटेंशन) है ।

विज्ञप्ति के अनुसार ,‘‘ पुरूष वर्ग में आठों टीमों को डेढ डेढ करोड़ रूपये का पर्स मिला है जिसमें से रिटेंशन का पैसा काटा जा चुका है । बाकी बचा हुआ पैसा एक जुलाई को नीलामी में खर्च किया जा सकता है । वहीं चार महिला टीमों में से प्रत्येक के लिये पर्स 75 लाख रूपये का है जिसमे से रिटेंशन का पैसा काटा गया है ।’’

खिलाड़ियों को चार श्रेणियों में बांटा गया है । मारकी श्रेणी में वे खिलाड़ी हैं जो भारत, भारत ए के लिये या पिछले तीन सत्र में किसी आईपीएल टीम के लिये खेल चुके हैं ।

ए श्रेणी में दिल्ली की सीनियर पुरूष टीम के लिये रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी या सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेल चुके क्रिकेटर हैं जबकि बी श्रेणी में दिल्ली अंडर 23, अंडर 19 या अंडर 16 खिलाड़ी होंगे । सी श्रेणी में दिल्ली लीग क्रिकेट सर्किट से डीडीसीए में रजिस्टर्ड खिलाड़ी हैं ।

चारों श्रेणियों के लिये बेस कीमत क्रमश: दस लाख, पांच लाख, तीन लाख और एक लाख रूपये है ।

महिला वर्ग में मारकी श्रेणी में भारत के लिये खेल चुकी दिल्ली या डीडीसीए की खिलाड़ी और पिछले तीन सत्र में डब्ल्यूपीएल का हिस्सा रही खिलाड़ी शामिल हैं ।

ए श्रेणी में दिल्ली की सीनियर महिला टीम की सदस्य रही खिलाड़ी शामिल हैं जो सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी या टी20 ट्रॉफी के पिछले तीन घरेलू सत्र खेल चुकी हों । बी श्रेणी में दिल्ली अंडर 23, अंडर 19 और अंडर 15 खिलाड़ी हैं । सी श्रेणी में डीडीसीए महिला टी20 लीग खेलने वाली और डीडीसीए की रजिस्टर्ड खिलाड़ी हैं ।

चारों श्रेणियों में बेस कीमत क्रमश: पांच लाख, तीन लाख, डेढ लाख और 75000 रूपये है ।

उपलब्ध मारकी खिलाड़ियों में ऋषभ पंत, ईशांत शर्मा, नवदीप सैनी, सिमरजीत सिंह, मयंक यादव, अनुज रावत, कुलदीप यादव, सुयश शर्मा शामिल हैं ।वहीं महिला वर्ग में प्रिया पूनिया, प्रिया मिश्रा, प्रतिका रावल के नाम प्रमुख हैं ।

भाषा मोना

मोना


लेखक के बारे में