गुडविल से हार के बावजूद कोठारी अंतिम-16 में

गुडविल से हार के बावजूद कोठारी अंतिम-16 में

गुडविल से हार के बावजूद कोठारी अंतिम-16 में
Modified Date: April 26, 2026 / 07:52 pm IST
Published Date: April 26, 2026 7:52 pm IST

कारलो (आयरलैंड), 26 अप्रैल (भाषा) इंग्लैंड के अनुभवी खिलाड़ी मार्टिन गुडविल ने रविवार को यहां आईबीएसएफ विश्व बिलियर्ड्स चैंपियनशिप के अंतिम ग्रुप ए लीग मैच में मौजूदा चैंपियन सौरव कोठारी पर उलटफेर भरी जीत दर्ज की।

63 वर्षीय गुडविल ने 276-275 के बेहद रोमांचक स्कोर से जीत हासिल की और अपने लीग मैचों का समापन शत-प्रतिशत जीत के रिकॉर्ड के साथ किया।

इस हार के बावजूद कोठारी भी प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे। उन्होंने तीन मैचों में से दो जीतकर नॉकआउट में प्रवेश किया।

कोठारी ने पिछले मैच में फ्रांस के अखिलेश मोहन को 825-40 से बुरी तरह हराया था लेकिन गुडविल के खिलाफ इस मैच में वैसा प्रदर्शन नहीं दिखा सके।

वहीं अपना खिताब फिर से हासिल करने की कोशिश कर रहे पंकज आडवाणी ने ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने अपने तीनों मैच जीते और ये सभी जीत एकतरफा रहीं।

अपने अंतिम मैच में आडवाणी ने दक्षिण कोरिया के बेक मिनहू को 785-161 से मात दी। 90 मिनट तक चले इस मुकाबले में उन्होंने 162, 88 और 389 के शानदार ब्रेक लगाए।

आडवाणी और कोठारी के अलावा नॉकआउट के अंतिम-16 चरण में जगह बनाने वाले अन्य भारतीय खिलाड़ी ध्रुव सितवाला, आलोक कुमार, रूपेश शाह, श्रीकृष्ण एस, सिद्धार्थ पारिख और रफत हबीब हैं।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में