नीदरलैंड के खिलाफ डेविस कप मुकाबले में दक्षिणेश्वर को रास आयेगा तेज कोर्ट

नीदरलैंड के खिलाफ डेविस कप मुकाबले में दक्षिणेश्वर को रास आयेगा तेज कोर्ट

नीदरलैंड के खिलाफ डेविस कप मुकाबले में दक्षिणेश्वर को रास आयेगा तेज कोर्ट
Modified Date: February 6, 2026 / 01:57 pm IST
Published Date: February 6, 2026 1:57 pm IST

(अमनप्रीत सिंह)

बेंगलुरू, छह फरवरी (भाषा) मेजबान भारत डेविस कप क्वालीफायर पहले दौर के मुकाबले में शनिवार को नीदरलैंड से खेलेगा तो बेंगलुरू के तेज कोर्ट भारत के शीर्ष एकल खिलाड़ी सुमित नागल की बजाय दक्षिणेश्वर सुरेश को अधिक रास आयेंगे ।

नागल कूल्हे की चोट के कारण बाहर हैं जिसके कारण भारत की उम्मीदें दक्षिणेश्वर की टिकी है ।

इस कोर्ट पर आक्रामक शॉट्स खेलने वाले खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर सकेंगे और दक्षिणेश्वर को इसमें महारत हासिल है ।

नागल तेजी से ठीक हो रहे हैं और अभ्यास के दौरान सहज दिखे लेकिन उनकी मैच फिटनेस के बारे में अभी कुछ कहना मुश्किल है । तेज रफ्तार वाले कोर्ट पर अगर मैच लंबी रेलियों में जाता है तो नागल की मूवमेंट और दमखम की परीक्षा हो सकती है । वैसे वह यहां बेंगलुरू ओपन और डब्ल्यूटीएल खेल चुके हैं लिहाजा हालात से वाकिफ हैं ।

दक्षिणेश्वर पिछले साल स्विटजरलैंड में अहम एकल मुकाबला जीते थे जिससे भारत ने विदेशी धरती पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी । उन्होंने पहला मुकाबला जीतकर लय बनाई थी जिसके बाद नागल ने दूसरा मैच जीता ।

नीदरलैंड के खिलाड़ियों को भी तेज कोर्ट रास आते हैं और उसके खिलाड़ी इस तरह के हालात में खेलने के अभ्यस्त हैं ।

शीर्ष एकल खिलाड़ी टालोन ग्रीकस्पूर (विश्व रैंकिंग 29) और बोटिच वान डे जैंडशल्प (67) की कमी हालांकि उसे खलेगी । ऐसे में भारत के लिये बराबरी का मौका रहेगा ।

नीदरलैंड टीम की अगुवाई 88वीं रैंकिंग वाले जेस्पर डे जोंग कर रहे हैं जिन्होंने शीर्ष 30 में शामिल खिलाड़ियों को हराया है । वहीं 162वीं रैंकिंग वाले गाय डेन ओडेन डेविस कप में पदार्पण कर रहे हैं जिन्हें इस स्तर पर खेलने का अनुभव नहीं है ।

युगल में युकी भांबरी की वापसी से भारतीय टीम मजबूत हुई है चूंकि उनके पास गहराई और अनुभव है ।भांबरी युगल में एन श्रीराम बालाजी के साथ खेलेंगे जो रित्विक बोल्लिपल्ली की जगह खेल रहे हैं । उनका सामना सांड्रे एरेंड्स और डेविड पेल से होगा ।

इसमें हारने वाली टीम सितंबर में विश्व ग्रुप वन में लौटेगी जबकि विजेता टीम क्वालीफायर्स के दूसरे दौर में पहुंचेगी ।

भाषा मोना

मोना


लेखक के बारे में