फ्रांस के हारने से देश भर में निराशा, देश की मीडिया ने कहा, पहले छह मैच जैसा खेल नहीं दिखा सकी टीम
फ्रांस के हारने से देश भर में निराशा, देश की मीडिया ने कहा, पहले छह मैच जैसा खेल नहीं दिखा सकी टीम
अर्लिंगटन, 15 जुलाई (एपी) किलियन एमबाप्पे की अगुवाई में फ्रांस की टीम एक बार फिर विश्व कप फाइनल में पहुंचने की तैयारी में जुटी थी लेकिन स्पेन के मजबूत डिफेंस ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया जिसके बाद देश भर में निराशा का माहौल पसरा रहा।
खबरों के अनुसार पेरिस में कई जगहों पर झड़पें हुई और ल्योन में तो पुलिस और युवाओं के बीच टकराव की घटनाएं सामने आईं।
फ्रांस को स्पेन से 0-2 से मिली हार की निराशा का असर टेक्सास से लेकर अटलांटिक महासागर के पार तक महसूस किया गया।
माना जा रहा है कि फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर फ्रांस के कोच डिडिएर डेसचैम्प्स का यह आखिरी मैच था।
डेसचैम्प्स ने कहा था कि यह उनका आखिरी विश्व कप होगा। उन्होंने 1998 में एक खिलाड़ी के तौर पर और आठ साल पहले रूस में कोच के तौर पर खिताब जीता था। इसके बाद 2022 में कतर में उन्होंने फ्रांस को फाइनल तक पहुंचाया था जहां अर्जेंटीना ने पेनल्टी शूटआउट में जीत हासिल की थी।
डेसचैम्प्स ने एक अनुवादक के जरिए कहा, ‘‘एक खिलाड़ी के तौर पर मैं खुशियों भरे पलों का आनंद लेने के लिए भाग्यशाली रहा हूं। ’’
उन्होंने यह भी कहा कि अभी अपने भविष्य के बारे में बात करने का समय नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘आज का दिन ऐसा नहीं है। लेकिन मुझे लगता है कि हमें अब तक के अनुभवों को भुलाए बिना इसे स्वीकार करना होगा। लेकिन आज मैं खुश नहीं हूं। ’’
फ्रांसीसी मीडिया ने टीम के प्रदर्शन पर निराशा व्यक्त कि उनकी टीम उस शानदार खेल को दोहराने में नाकाम रही जो उसने विश्व कप के अपने शुरुआती छह मैचों में दिखाया था।
फ्रांस के प्रमुख स्पोर्ट्स अखबार ‘एल’इक्विप’ ने लिखा कि डेसचैम्प्स के खिलाड़ी खेल के हर पहलू में पिछड़ गए और ‘अपने सपनों और लोगों में जगाई गई उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए।’
खिलाड़ियों ने भी इस बात से इनकार नहीं किया। हालांकि एमबाप्पे ने तुरंत अपने कोच का बचाव किया। उन्होंने कहा कि शनिवार को मियामी गार्डन्स में तीसरे स्थान के लिए होने वाले मुकाबले में वे डेसचैम्प्स के लिए पूरी ताकत से खेलेंगे।
एमबाप्पे ने कहा, ‘‘फ्रांसीसी लोगों के तौर पर डिडिएर हमारे लिए क्या मायने रखते हैं, इसमें कोई बदलाव नहीं आया है। एक मैनेजर और एक खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने एक शानदार कहानी लिखी है। ’’
एपी नमिता सुधीर
सुधीर

Facebook


