आईसीसी ने वनडे विश्व कप में सुपर-7 चरण और टी20 विश्व कप में सुपर-8 की जगह सुपर-10 चरण जोड़ा

आईसीसी ने वनडे विश्व कप में सुपर-7 चरण और टी20 विश्व कप में सुपर-8 की जगह सुपर-10 चरण जोड़ा

आईसीसी ने वनडे विश्व कप में सुपर-7 चरण और टी20 विश्व कप में सुपर-8 की जगह सुपर-10 चरण जोड़ा
Modified Date: July 15, 2026 / 05:21 pm IST
Published Date: July 15, 2026 5:21 pm IST

एडिनबर्ग, 15 जुलाई (भाषा) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने 2027 वनडे विश्व कप और 2028 टी20 विश्व कप के प्रारूप में बुधवार को कुछ बदलाव किए हैं जिनका उद्देश्य दोनों टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा को और अधिक रोमांचक बनाना है।

ये फैसले आईसीसी की सालाना बैठक में लिए गए।

दक्षिण अफ्रीका में आयोजित होने वाले 2027 वनडे विश्व कप में पूर्व योजना के अनुसार 14 टीमें ही भाग लेंगी जो पिछले चरण की 10 टीम से अधिक हैं। हालांकि टूर्नामेंट को और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए आईसीसी ने सुपर सीरीज और सुपर-7 चरण को शामिल किया है।

आईसीसी ने अपने बयान में कहा, ‘‘आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप में 14 योग्य टीमें भाग लेंगी लेकिन संशोधित प्रारूप के तहत फाइनल तक पहुंचने के लिए तीन चरण की प्रतियोगिता होगी जिससे टूर्नामेंट के हर मैच का महत्व बढ़ेगा और शुरुआत से लेकर फाइनल तक प्रतिस्पर्धा रोमांचक बनी रहेगी। ’’

सुपर सीरीज में तीन टीम के बीच मुकाबले होंगे जिनमें से एक टीम दूसरे दौर में पहुंचेगी जिसमें छह टीम को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष तीन टीम और दोनों समूहों में शेष टीम में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम सुपर-7 (पहले प्रस्तावित सुपर-6 के स्थान पर) में पहुंचेगी।

सुपर-7 चरण से शीर्ष चार टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।

आईसीसी ने कहा, ‘‘इन बदलावों से हर मैच का महत्व बढ़ेगा और मुकाबले पहले से ज्यादा रोमांचक होंगे। इससे प्रशंसकों को बेहतर अनुभव मिलेगा, वहीं नयी और उभरती टीम को भी क्रिकेट के सबसे बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता रहेगा। ’’

ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में 2028 में होने वाले टी20 विश्व कप में ग्रुप चरण के बाद अब सुपर-8 की जगह सुपर-10 चरण होगा।

टूर्नामेंट में चार-चार टीम के पांच ग्रुप बनाए जाएंगे। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीम सुपर-10 में पहुंचेंगी।

पिछले चरण में सुपर-8 के प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंचती थीं। नए प्रारूप में अब प्रत्येक ग्रुप की केवल शीर्ष टीम ही सीधे अंतिम चार में पहुंचेगी। ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम विपरीत ग्रुप की तीसरे स्थान वाली टीम के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबला खेलेंगी जिससे प्रतियोगिता में एक नया रोमांच जुड़ जाएगा।

आईसीसी ने कहा, ‘‘आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में उभरती हुई टीम के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए दूसरे चरण में भाग लेने वाली टीम की संख्या आठ से बढ़ाकर 10 करने का फैसला किया गया है। ’’

आईसीसी ने यह भी बताया कि स्कॉटलैंड को 2026 टी20 विश्व कप में विशेष परिस्थितियों में अंतिम समय पर बांग्लादेश की जगह खेलने के कारण सीधे यूरोप क्षेत्रीय फाइनल में प्रवेश दिया जाएगा।

वहीं 2026 टी20 विश्व कप में खेलने वाली लेकिन स्वतः क्वालीफाई नहीं कर पाने वाली बाकी टीम सीधे वैश्विक क्वालीफायर में पहुंचेंगी।

वैश्विक क्वालीफायर के अन्य आठ स्थानों के लिए क्षेत्रीय क्वालीफिकेशन होगा। इनमें अफ्रीका, एशिया और यूरोप से दो-दो टीम जबकि अमेरिका और पूर्वी एशिया प्रशांत क्षेत्र से एक-एक टीम क्वालीफाई करेगी।

वैश्विक क्वालीफायर में प्रत्येक क्षेत्र की शीर्ष टीम और कुल मिलाकर अगली तीन सर्वश्रेष्ठ टीम 2028 टी20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी।

आईसीसी ने कहा, ‘‘इस नए प्रमुख टूर्नामेंट प्रारूप को आईसीसी विकास समिति और मुख्य कार्यकारी समिति की सिफारिश के बाद बोर्ड ने मंजूरी दी है। हालांकि नवंबर में होने वाली बैठकों में आईसीसी की वित्त एवं वाणिज्यिक मामलों की समिति की समीक्षा के बाद इसे अंतिम स्वीकृति दी जाएगी। ’’

भाषा

नमिता मोना

मोना


लेखक के बारे में