ईस्ट बंगाल एएफसी महिला चैंपियंस लीग में ग्रुप ए में

ईस्ट बंगाल एएफसी महिला चैंपियंस लीग में ग्रुप ए में

ईस्ट बंगाल एएफसी महिला चैंपियंस लीग में ग्रुप ए में
Modified Date: July 2, 2026 / 03:01 pm IST
Published Date: July 2, 2026 3:01 pm IST

कोलकाता, दो जुलाई (भाषा) भारतीय महिला फुटबॉल लीग (आईडब्ल्यूएल) की मौजूदा चैंपियन ईस्ट बंगाल को एएफसी महिला चैंपियंस लीग 2026-27 के शुरुआती चरण में ग्रुप ए में मलेशिया के सबाह एफए, गुआम के रोवर्स एफसी और बांग्लादेश के राजशाही स्टार्स एफसी के साथ रखा गया है।

एशिया की सबसे प्रतिष्ठित महिला क्लब प्रतियोगिता में ईस्ट बंगाल की यह लगातार दूसरी उपस्थिति होगी। पिछले सत्र में टीम ने प्रारंभिक चरण से सफलतापूर्वक क्वालीफाई किया था और ग्रुप चरण में मुकाबला जीतने वाला पहला भारतीय क्लब बनने का तमगा भी हासिल किया था।

ईस्ट बंगाल को शुरूआती चरण के मुकाबलों के लिए मलेशिया जाना होगा। 17 से 23 अगस्त तक होने वाली यह प्रतियोगिता डबल राउंड-रॉबिन लीग प्रारूप में आयोजित की जाएगी।

प्रारंभिक चरण में 24 क्लबों को चार-चार टीमों के छह ग्रुप में बांटा गया है। प्रत्येक ग्रुप की विजेता टीम एएफसी महिला चैंपियंस लीग 2026-27 के ग्रुप चरण में प्रवेश करेगी, जहां उनका सामना पहले से सीधे क्वालीफाई कर चुकी छह टीमों से होगा।

सीधे ग्रुप चरण में जगह बनाने वाली टीमों में गत चैंपियन नाएगोह्यांग विमेंस एफसी (उत्तर कोरिया) के अलावा ऑस्ट्रेलिया की मेलबर्न सिटी एफसी, दक्षिण कोरिया की ह्वाचियोन केएसपीओ डब्ल्यूएफसी, जापान की आईएनएसी कोबे लियोनेसा, चीन की बीजिंग जिंगतान एफसी और वियतनाम की हो ची मिन्ह सिटी विमेंस एफसी शामिल हैं।

शुरुआती चरण के मुकाबले समाप्त होने के बाद सितंबर में ग्रुप चरण का ड्रा आयोजित किया जाएगा। इसके जरिए 12 क्वालीफाई करने वाले क्लबों के लिए खिताब की राह तय होगी, जबकि ग्रुप चरण के मुकाबलों की शुरुआत नवंबर में होगी।

ईस्ट बंगाल महिला टीम का कार्यक्रम:

17 अगस्त: ईस्ट बंगाल एफसी बनाम राजशाही स्टार्स एफसी (बांग्लादेश)

20 अगस्त: रोवर्स एफसी (गुआम) बनाम ईस्ट बंगाल एफसी

23 अगस्त: ईस्ट बंगाल एफसी बनाम सबाह एफए (मलेशिया)

भाषा

आनन्द सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में