इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ महिला टी20 मैचों के लिए व्याट-हॉज और बाउचियर को टीम में शामिल किया
इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ महिला टी20 मैचों के लिए व्याट-हॉज और बाउचियर को टीम में शामिल किया
लंदन, 26 मई (भाषा) इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम ने भारत के खिलाफ आगामी तीन मैचों की महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए अपनी टीम में बदलाव करते हुए डैनी व्याट-हॉज और माया बाउचियर को शामिल किया है।
यह श्रृंखला 28 मई से शुरू होगी, जिसमें पहला मुकाबला चेल्म्सफोर्ड में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरे और तीसरे टी20 मैच क्रमशः 30 मई (ब्रिस्टल) और 2 जून (टॉनटन) में होंगे।
ईसीबी ने कहा, ‘‘डैनी व्याट-हॉज भारत के खिलाफ तीन मैचों की विटैलिटी टी20आई श्रृंखला से पहले इंग्लैंड महिला टीम में शामिल होंगी और अंतिम दो मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगी। चारिस पावेली अब वारविकशायर लौट गई हैं।’’
ईसीबी ने कहा, ‘‘माया बाउचियर को भारत श्रृंखला के लिए टीम में शामिल किया गया है, जबकि लॉरेन फिलर को बुधवार को सरे के खिलाफ डरहम के लिए खेलने के लिए छुट्टी दे दी गई है, जिसके बाद वह बाकी मैचों के लिए टीम में वापस आ जाएंगी।’’
यह श्रृंखला दोनों टीमों के लिए आगामी महिला टी20 विश्व कप की तैयारी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
भारत और इंग्लैंड की टीमें विश्व कप के बाद लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में एकमात्र टेस्ट मैच भी खेलेंगी।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर

Facebook


