महसूस हुआ कि फिर से क्रिकेट खेलना है तो बदलाव करने होंगे: कार्तिक त्यागी

महसूस हुआ कि फिर से क्रिकेट खेलना है तो बदलाव करने होंगे: कार्तिक त्यागी

महसूस हुआ कि फिर से क्रिकेट खेलना है तो बदलाव करने होंगे: कार्तिक त्यागी
Modified Date: April 16, 2026 / 08:56 pm IST
Published Date: April 16, 2026 8:56 pm IST

अहमदाबाद, 16 अप्रैल (भाषा) पिंडली की चोट के बार बार होने के बाद कार्तिक त्यागी को अहसास हुआ कि अगर उन्हें फिर से क्रिकेट खेलना है तो उन्हें कुछ बदलाव करने होंगे।

गुजरात टाइटन्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच से एक दिन पहले कोलकाता नाइटराइडर्स के तेज गेंदबाज ने चोटों की परेशानी से हुई निराशा और इसके बाद किए गए बदलावों के बारे में खुलकर बात की।

उन्होंने कहा कि प्रक्रिया को समझने से बहुत मदद मिली इसलिए उनके रन-अप में बदलाव आया।

मैच से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कार्तिक ने कहा, ‘‘मुझे चोटें लगी हैं, लेकिन उस दौरान मैंने पहचाना कि मुझे बार बार वही दिक्कतें क्यों आ रही थीं। जब भी मैं क्रिकेट खेलना शुरू करता, मुझे वही दिक्कत आती। फिर मैंने एक साल का ब्रेक लिया और पहचाना कि दिक्कत बार-बार क्यों आ रही थी। फिर मैंने इसे ठीक किया। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘मानसिक रूप से ज्यादा बदलाव नहीं हुए। लेकिन चोटों की वजह से मुझे कुछ बदलाव करने पड़े, जैसे मेरा रन-अप। मुझे अहसास हुआ कि अगर मुझे फिर से क्रिकेट खेलना है तो मुझे कुछ बदलाव करने होंगे। ’’

फिटनेस साबित करने के बाद कार्तिक को आईपीएल 2026 सत्र के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स ने 30 लाख रुपये में खरीदा।

लगातार 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाला लंबी कद काठी का यह गेंदबाज वैभव अरोड़ा के साथ टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई कर रहा है।

कार्तिक ने कहा, ‘‘मैंने हमेशा प्रक्रिया को समझने और इसका अनुकरण करने की कोशिश की है। मैंने जिन सीनियर खिलाड़ियों से बात की, उन्होंने कहा कि दबाव हमेशा खेल का हिस्सा रहेगा। इसलिए प्रक्रिया सबसे अहम है। ’’

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में